rajasthanone Logo
Jodhpur Water Supply: जोधपुर में पानी संकट की आशंका जताई जा रही है। मेंटेनेंस के चलते सप्लाई शेड्यूल एक दिन आगे बढ़ा दिया गया है। आइए जानते हैं पूरी खबर।

Jodhpur Water Supply: जोधपुर शहर के करीब आधे हिस्से में 17 जून को पानी की सप्लाई बंद रहेगी, जिससे लोगों को पानी की परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग (PHED) ने पिछले दो महीने में नौवीं बार जलापूर्ति में कटौती की घोषणा की है। ऐसे में विभाग का कहना है कि ग्रीष्मकालीन जल भंडारण के साथ-साथ फिल्टर प्लांट, पंप हाउस और पाइपलाइनों की जरूरी सफाई एवं रखरखाव कार्य के कारण यह निर्णय लिया गया है।

शेड्यूल एक दिन आगे बढ़ा दिया गया

PHED सिटी सर्किल जोधपुर के अधीक्षण अभियंता (SE) राजेंद्र मेहता के मुताबिक शहर के सभी फिल्टर हाउसों से जलापूर्ति अस्थायी रूप से बंद कर दी जाएगी। इसके चलते कई इलाकों में पानी की सप्लाई का शेड्यूल एक दिन आगे बढ़ा दिया गया है।

इन इलाकों में बदला पानी सप्लाई का शेड्यूल

कायलाना, चौपासनी और सूरपुरा फिल्टर हाउस से जुड़े क्षेत्रों में 17 जून की सप्लाई अब 18 जून को और 18 जून की सप्लाई 19 जून को दी जाएगी। झालामंड और तख्त सागर फिल्टर हाउस से जुड़े क्षेत्रों (सरस्वती नगर, कुड़ी भगतासनी हाउसिंग बोर्ड के विभिन्न सेक्टर, पाल बाईपास और शिल्पग्राम के आसपास) में 17 जून सुबह 10 बजे तक जलापूर्ति सामान्य रहेगी। इसके बाद 18 जून की सप्लाई 19 जून को और 19 जून की सप्लाई 20 जून को की जाएगी।

5379487