Government Schools: प्रदेश के सरकारी स्कूलों में अब विद्यार्थी और शिक्षक पासबुक का उपयोग कर सकेंगे। राज्य सरकार ने इस पर लगी वर्षों पुरानी रोक को आधिकारिक रूप से हटा दिया है। हाईकोर्ट के फैसले के बाद सरकार ने इस मामले में आगे अपील नहीं करने का निर्णय लिया, जिससे पासबुक के उपयोग का रास्ता पूरी तरह साफ हो गया है।

पासबुक के इस्तेमाल से रटंत प्रणाली को बढ़ावा मिलता है

ऐसे में बीकानेर माध्यमिक शिक्षा निदेशालय के डीईओ (गोपनीय एवं नवाचार शाखा) डॉ. रामगोपाल शर्मा ने आदेश जारी कर पूर्व में लगे प्रतिबंधों को वापस ले लिया है। दरअसल, सरकारी स्कूलों में पासबुक के उपयोग को लेकर 13 मार्च 2018 को राजस्थान माध्यमिक शिक्षा परिषद और माध्यमिक शिक्षा निदेशक ने संयुक्त आदेश जारी कर रोक लगाई थी। तत्कालीन आदेश में तर्क दिया गया था कि पासबुक के इस्तेमाल से रटंत प्रणाली को बढ़ावा मिलता है और छात्र मूल पाठ्यपुस्तकों से दूर हो जाते हैं।

पुराने आदेशों को निरस्त कर दिया गया है

इतना ही नहीं, पासबुक पाए जाने पर शिक्षक और विद्यार्थियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई तक के निर्देश दिए गए थे। बाद में 6 नवंबर 2023 को भी इस प्रतिबंध को दोहराते हुए सख्ती से लागू करने के निर्देश जारी किए गए थे। ऐसे में अब विभाग द्वारा इन दोनों पुराने आदेशों को निरस्त कर दिया गया है, जिससे सालों से चला आ रहा विवाद खत्म हो गया है। वहीं नए फैसले के बाद विद्यार्थियों और शिक्षकों को अध्ययन के लिए अतिरिक्त विकल्प उपलब्ध होंगे।