Diwali Special Train: दिवाली और छठ महापर्व पर घर लौटने वाले यात्रियों के लिए रेलवे ने बड़ी राहत दी है। त्योहारों के दौरान ट्रेनों में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए उत्तर पश्चिम रेलवे के बीकानेर मंडल ने 15 प्रमुख ट्रेनों में अतिरिक्त कोच लगाने का निर्णय लिया है। इन ट्रेनों में अलग-अलग श्रेणियों के अतिरिक्त डिब्बे जोड़े जाएंगे। इससे यात्रियों को कन्फर्म सीट मिलने की संभावना बढ़ेगी और सफर भी अधिक सुविधाजनक होगा। इसके साथ ही रेलवे ने यात्रियों की सुरक्षा के लिए विशेष इंतजाम किए हैं।

15 ट्रेनों में बढ़ाई जाएगी सीटों की संख्या

बीकानेर मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक वीरेंद्र जोशी ने बताया कि दिवाली और छठ महापर्व के दौरान यात्रियों की संख्या में काफी बढ़ोतरी होती है। इसे देखते हुए मंडल से संचालित होने वाली 15 ट्रेनों में विभिन्न श्रेणियों के अतिरिक्त कोच लगाए जा रहे हैं। इनमें लंबी दूरी की एक्सप्रेस और सुपरफास्ट ट्रेनों के साथ सामान्य यानी अनारक्षित श्रेणी की ट्रेनें भी शामिल हैं। अतिरिक्त कोच जुड़ने से त्योहारों पर अपने घर और गांव जाने वाले प्रवासी यात्रियों को राहत मिलेगी। साथ ही ट्रेनों में सीटों की उपलब्धता बढ़ेगी और भीड़ का दबाव कम करने में मदद मिलेगी। रेलवे का उद्देश्य यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ त्योहारों के दौरान यात्रा को सुगम बनाना है।

ट्रेनों में सुरक्षा व्यवस्था भी सख्त

त्योहारों के दौरान किसी भी तरह की दुर्घटना रोकने के लिए रेलवे ने सुरक्षा व्यवस्था को हाई अलर्ट पर रखा है। जीआरपी थानाधिकारी नेहा राजपुरोहित और आरपीएफ की संयुक्त टीमें ट्रेनों के यात्री डिब्बों से लेकर पार्सल वैन तक की जांच कर रही हैं। इस दौरान संदिग्ध सामान और प्रतिबंधित वस्तुओं पर विशेष नजर रखी जा रही है।

रेलवे की ओर से पटाखे, गैस सिलिंडर, पेट्रोल, डीजल, केरोसिन और अन्य ज्वलनशील या विस्फोटक पदार्थों के परिवहन पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। नियमों का उल्लंघन करने वाले यात्रियों के खिलाफ रेलवे अधिनियम के तहत कानूनी कार्रवाई की जा रही है। रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा के दौरान सुरक्षा नियमों का पालन करें और प्रतिबंधित ज्वलनशील सामग्री अपने साथ लेकर न चलें। इससे त्योहारों के दौरान सुरक्षित रेल यात्रा सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।