Bharatpur News: राजस्थान के भरतपुर में एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसे सुनकर आप भी हैरान रह जाएंगे।भरतपुर के राजकीय संग्रहालय पर पिछले करीब पांच महीने से ताला लगा हुआ है, लेकिन हैरानी की बात ये है कि, सरकार की आधिकारिक वेबसाइट पर आज भी पर्यटकों के लिए टिकट बुकिंग चालू है।
बंद संग्रहालय की टिकट बुकिंग जारी
भरतपुर के राजकीय संग्रहालय पर पिछले करीब पांच महीने से ताला लगा हुआ है, लेकिन फिर भी टिकटों की बुकिंग जारी है। इस गड़बड़ी का खुलासा तब हुआ, जब एक रिपोर्टर ने पर्यटक बनकर 15 नवंबर के लिए ऑनलाइन टिकट बुक किया। इसके लिए 50 रुपये का भुगतान भी किया गया। टिकट बुकिंग होने के बाद जब रिपोर्टर संग्रहालय पहुंचा तो वहां मामला ही कुछ और निकला। राजकीय संग्रहालय के गेट पर ताला लटका मिला।
पैसे लेने के बाद भी नहीं दि एंट्री
यानी वेबसाइट पर टिकट बिक रहा था, पैसे भी कट गए, लेकिन संग्रहालय में प्रवेश का कोई इंतजाम नहीं था। अब सवाल ये है कि,जब संग्रहालय पांच महीने से बंद है, तो ऑनलाइन टिकट बुकिंग क्यों चालू रखी गई? कौन है जो पैसे वसूल रहा हैं और फिर पर्यटकों से पैसे लेने के बाद उन्हें प्रवेश क्यों नहीं दिया जा रहा?
अधिकारियों ने किया खुलासा
इस मामले में पुरातत्व विभाग के अधिकारियों ने टिकट बुकिंग और संग्रहालय बंद होने के बीच तालमेल की कमी की बात कही है। वहीं, लापरवाही सामने आने पर कार्रवाई की बात भी कही गई है।
कौन है जिम्मेदार?
अब जरा सोचिए, अगर कोई पर्यटक दूर से भरतपुर घूमने आए और ऑनलाइन टिकट खरीदे और मौके पर पहुंचने पर उसे बंद दरवाजा मिले, तो उसकी परेशानी और समय की बर्बादी की जिम्मेदारी कौन लेगा? देखते हैं कि जिम्मेदार अधिकारी इस गड़बड़ी को कब तक ठीक करते हैं और पर्यटकों को उनके पैसे का हिसाब कब मिलता है।