Rajasthan Government School: बाड़मेर जिले के सनावड़ा मेघवालों की बस्ती स्थित स्थित हायर सेकेंडरी स्कूल में शनिवार को पानी पीने के बाद 16 बच्चों की अचानक तबीयत बिगड़ गई। बच्चों को शरीर में तेज खुजली होने लगी और जगह-जगह लाल निशान उभर आए। घटना के बाद स्कूल में हड़कंप मच गया और सभी बच्चों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से बाड़मेर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
पानी पीने के बाद ही बच्चों की तबीयत बिगड़ी
बच्चों को बाड़मेर हॉस्पिटल लाने वाले एम्बुलेंस के ईएमटी (इमरजेंसी मेडिकल टेक्निशियन) सुखदेव गांगुली ने बताया कि जानकारी मिली थी कि शनिवार सुबह करीब 10 बजे पानी पीने के बाद अचानक बच्चों की तबीयत बिगड़ गई थी। वहीं बच्चों ने बताया कि स्कूल में खुला टैंक है और सभी उसी का पानी पीते हैं। पानी पीने के बाद ही बच्चों की तबीयत बिगड़ी है।
पेरेंट्स को बुलाकर उसे हॉस्पिटल भेजा गया
वहीं दूसरी तरफ बच्चों ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों को बताया कि पानी पीने के बाद स्कूल के बाहर बिकने वाली 'चुस्की' खाई थी। ऐसे स्कूल स्टाफ ने बताया कि शनिवार को 'नो बैग-डे' था। बच्चे स्कूल में मौजूद थे। लंच से पहले एक बच्ची के शरीर पर खुजली होने लगी। जिसके बाद खुजली वाली जगह पर लाल निशान बनने लगे। ऐसे में बच्ची के पेरेंट्स को बुलाकर उसे हॉस्पिटल भेजा गया। इलाज के कुछ देर बाद तीन से चार बच्चों की और तबीयत खराब होने लगी। देखते ही देखते कुछ ही देर में ऐसे करीब 16 और बच्चे सामने आए। वहीं फौरन एम्बुलेंस बुलवाकर सभी बच्चों को सनावड़ा हॉसिपटल पहुंचाया गया। यहां से बच्चों को बाड़मेर हॉस्पिटल लाया गया।
बच्चों के बीमार होने की जानकारी मिलते ही तुरंत अधिकारी भी हॉस्पिटल पहुंच गए। जिला शिक्षा अधिकारी देवाराम चौधरी का कहना है कि बच्चे घर से खाना खाकर आए थे। स्कूल में पोषाहार पक रहा था। उससे पहले ही तबीयत बिगड़ गई। वहीं पीएमओ हनुमान चौधरी का कहना है कि बच्चों की तबीयत ठीक है। एतिहायात के तौर पर भर्ती कर दिया गया है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।









