CBSE Board Exam 2027: केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाएं 16 फरवरी 2027 से शुरू होंगी। बोर्ड ने परीक्षा से 102 दिन पहले शुक्रवार को डेटशीट जारी कर दी गई है। आपको बता दें कि इस बार देश-विदेश के 46.3 लाख से अधिक विद्यार्थी परीक्षा में शामिल होंगे। इनमें 10वीं के करीब 26.5 लाख और 12वीं के 19.8 लाख से अधिक विद्यार्थी हैं।

परीक्षा कार्यक्रम तैयार करने से पहले विद्यार्थियों के 40 हजार से अधिक विषय संयोजनों का विश्लेषण किया गया। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना था कि एक विद्यार्थी के दो पेपर एक ही दिन न हों और मुख्य विषयों के बीच तैयारी के लिए पर्याप्त अंतराल मिले। सीबीएसई ने ने 12वीं की डेटशीट तैयार करते समय उच्च शिक्षा की प्रवेश परीक्षाओं को भी ध्यान में रखा है। इससे बोर्ड परीक्षा पूरी होने के बाद विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए समय मिल सकेगा। समय से डेटशीट जारी होने से विद्यार्थियों को विषयवार तैयारी, प्री-बोर्ड और अंतिम रिवीजन की योजना बनाने का मौका मिलेगा। 10वीं की परीक्षाएं 9 मार्च और 12वीं की 9 अप्रैल तक चलेंगी।

10वीं की प्रमुख विषयों की परीक्षा

सीबीएसई की 10वीं बोर्ड परीक्षा में प्रमुख विषयों के पेपर 16 फरवरी से शुरू होंगे। 16 फरवरी को पेंटिंग, 17 फरवरी को अन्य भाषाओं एवं व्यावसायिक विषयों की परीक्षा होगी। इसके बाद 18 फरवरी को विज्ञान, 20 फरवरी को गणित स्टैंडर्ड एवं बेसिक, 26 फरवरी को अंग्रेजी, 2 मार्च को हिंदी कोर्स-ए एवं बी और 8 मार्च को सामाजिक विज्ञान की परीक्षा आयोजित की जाएगी। वहीं, अन्य विषयों की परीक्षाएं 18 फरवरी से 9 मार्च के बीच होंगी।

12वीं की प्रमुख विषयों की परीक्षा

सीबीएसई 12वीं बोर्ड परीक्षा में 16 फरवरी को भौतिक विज्ञान, 18 फरवरी को शारीरिक शिक्षा, 23 फरवरी को लेखाशास्त्र, 25 फरवरी को भूगोल, 27 फरवरी को रसायन विज्ञान, 2 मार्च को मनोविज्ञान, 5 मार्च को अंग्रेजी कोर एवं इलेक्टिव और 9 मार्च को गणित एवं एप्लाइड गणित की परीक्षा होगी। इसके बाद 13 मार्च को हिंदी कोर एवं इलेक्टिव, 16 मार्च को अर्थशास्त्र, 19 मार्च को राजनीति विज्ञान, 25 मार्च को जीव विज्ञान, 27 मार्च को इतिहास, 30 मार्च को समाजशास्त्र, 31 मार्च को कंप्यूटर साइंस, आईपी एवं आईटी, 1 अप्रैल को बिजनेस स्टडीज और 9 अप्रैल को रिटेल एवं वेब एप्लीकेशन की परीक्षा आयोजित की जाएगी।