Bharatput News: भरतपुर जिले के रूपवास थाना क्षेत्र के गांव सिरसौदा में अतिक्रमण को हटाने को लेकर 12 दिन पहले हुई मारपीट में घायल महिला की आज इलाज के दौरान मौत हो गई। महिला की मौत से गुस्साए परिजनों और समाज के लोगों ने जिस रास्ते पर विवाद हुआ उस रास्ते से अतिक्रमण हटाने की मांग की। परिजनों कहा कि जब तक रास्ते से अतिक्रमण नहीं हट जाएगा तब तक शव का पोस्टमार्टम नहीं करवाया जाएगा। हालांकि तहसीलदार और स्थानीय विधायक की समझाइश के बाद परिजन शव का पोस्टमार्टम करवाने के लिए तैयार हो गए।
पुलिस के मुताबिक, यह घटना 23 मार्च शाम करीब 7 बजे हुई थी। रास्ते से पत्थर हटाने को लेकर दो पक्षों में विवाद हुआ था। विवाद में भूदेवी गंभीर रूप से घायल हो गई थी। महिला की मौत के बाद करीब 10 लोगों हिरासत में लिया है। पुलिस घटना को लेकर पूछताछ कर रही है। हालांकि दूसरे पक्ष की ओर से भी घटना के दिन मामला दर्ज करवाया गया था।
विधायक की समझाइश के बाद मृतका का हुआ पोस्टमार्टम
भूदेवी की मौत के बाद परिजनों ने रूपवास अस्पताल में विवाद वाली जगह से अतिक्रमण हटवाने की बात कही। घटना की जानकारी मिलने पर विधायक रितु बनावत मौके पर पहुंची और परिजनों को आश्वसन दिया। उन्होंने कहा कि जल्द ही रास्ते से पत्थरों को हटा दिया जाएगा। इसके बाद परिजन भूदेवी के शव का पोस्टमार्टम करवाने के लिए राजी हुए।