भरतपुर जिले में नदबई में चोरों ने बेखौफ अंदाज में बड़ी वारदात को अंजाम दिया। बदमाश एक सर्राफा व्यापारी की दुकान का शटर को तोड़कर सोने और चांदी के आभूषण चोरी कर ले गया। जिससे व्यापारियों में भारी रोष है। उन्होंने बाजार को बंद कर धरना प्रदर्शन किया। उन्होंने पुलिस प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठाया और थाने को लाइन हाजिर करने की मांग पर अड़ गए। हालांकि आश्वसन के बाद व्यापरियों ने धरने को समाप्त किया।
अलमारी तोड़कर करीब 10 लाख रुपए के जेवर किए चोरी
पीड़ित महेश बंसल ने बताया है कि वह देर शाम अपनी ज्वैलर्स की दुकान को बंद कर गया था। सुबह 4 बजे पड़ोसी दुकानदार ने फोन कर बताया की आपकी दुकान की शटर टूटी पड़ी है और आपकी दुकान में चोरी हो गई है। वहां जाकर देखा तो शटर टूटी हुई है और अंदर रखी अलमारी को ताले टूटे पड़े है। जिसमें से 10-12 लाख के जेवर चोरी है। सूचना पर नदबई थाना पुलिस मौके पर पहुंची। उसने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को चेक किया।
सीसीटीवी कैमरों में चोर 12.34 बजे से 2.28 बजे तक रेकी करता नजर आया। चोर ने टोपी और रुमाल से चेहरा ढ़क रखा था। इस दौरान उसने आसपास दुकानों और मकानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों और बल्बों को तोड़ दिया। इसके बाद वह लोह के सरिये से शटर को तोड़कर अंदर घूस गया और घटना को अंजाम दिया।
सर्राफा व्यापारी की हत्या का अभी तक नहीं हुआ खुलासा
नदबई में बदमाशों करीब 13 दिन पहले एक सर्राफा व्यापारी के साथ लूट कर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने जिसका खुलासा करने के लिए बुधवार तक का समय मांगा था। लेकिन खुलासा होने से पहले ही बदमाशों ने करीब 10 लाख रुपए की चोरी की घटना को अंजाम दे दिया। जिससे लगता है कि बदमाशों ने पुलिस को चुनौती दी है।