Bharatpur Foundation Day: राजस्थान के भरतपुर जिले में जोरदार जश्न की तैयारी हो रही है और यह तैयारी इसलिए, क्योंकि 19 फरवरी को पूरे भरतपुर को सजाया जाएगा। इस दिन भरतपुर का 293वां स्थापना दिवस मनाया जाएगा, जिसको लेकर जश्न की खूब तैयारी हो रही है। यह जश्न पूरे 7 दिन तक चलने वाला है। भरतपुर स्थापना दिवस के अवसर पर 13 फरवरी से शुरू हुआ यह जश्न 19 फरवरी तक चलने वाला है। प्रशासन और पर्यटन विभाग के संयुक्त तत्वावधान में 13 से 19 फरवरी तक सांस्कृतिक, धार्मिक, खेल और सामाजिक कार्यक्रमों की भव्य श्रृंखला आयोजित होगी।

प्लेबैक सिंगर रविंद्र उपाध्याय लगाएंगे सुर

इस महोत्सव का समापन 19 फरवरी को भरतपुर के शास्त्री पार्क में सांस्कृतिक संध्या के साथ किया जाएगा। इसमें इंडियन प्लेबैक सिंगर रविंद्र उपाध्याय अपने सुरों से लोगों का मन मोहने का काम करेंगे। भरतपुर के एसडीएम राहुल सैनी ने इसको लेकर बताया कि महोत्सव की शुरुआत 13 फरवरी को सुबह 8:30 बजे गायत्री शक्तिपीठ किला में महायज्ञ से होने वाली है और दोपहर 12:00 एमएसजे कॉलेज में युवा शक्ति एवं उद्योग प्रगति कार्यक्रम, तथा 3:00 बजे महाराजा सूरजमल स्मारक किशोरी महल में पुष्पांजलि व संगोष्ठी आयोजित होगी।

शास्त्री पार्क में होगा फ्लावर शो

इसके अलावा 14 और 15 फरवरी को केवलादेव राष्ट्रीय उद्यान में ब्राह्मण रास्ता कृषि दौड़ प्रतियोगिता और घना बर्ड फेस्टिवल के साथ फोटोग्राफी प्रदर्शनी आयोजित की जाएगी। इसके बाद शास्त्री पार्क में 14 से 16 फरवरी तक तीन दिवसीय फ्लावर शो होगा, जबकि जिला खेल क्लब में खेल प्रतियोगिताएं भी कराई जाएगी। 16 फरवरी को ही राजकीय संग्रहालय में चित्रकला प्रतियोगिता और शाम को नई मंडी में रक्तदान शिविर तथा बड़ा ऑडिटोरियम में रामायण आधारित सुर ताल कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

वहीं 18 फरवरी को बिहारी जी मंदिर में महा आरती, भाषण प्रतियोगिता और दीपदान कार्यक्रम होगा। जबकि संयुक्त निदेशक पर्यटन संजय चौधरी ने बताया कि 19 फरवरी को रंगोली सजावट स्वाभिमान मार्च और पुष्पांजलि कार्यक्रमों के बाद शाम 6:00 बजे शास्त्री पार्क में संस्कृत संध्या की जाएगी।