Jaisalmer news: नई व्यवस्था के तहत किसानों को फसली लोन पर बीमा सुरक्षा के लिए 1.3 % सालाना प्रीमियम चुकाना होगा। जबकि पहले किसानों को  3.5 % तक प्रीमियम देना पड़ता था। यानी पहले किसानों को 1 लाख के लोन पर सालाना 3500 रूपये चुकाने होते थे ,लेकिन अब सिर्फ 1300 रूपये चुकाने होंगे। इस योजना का लाभ रबी सीजन में नए सिरे से फसली लोन लेने वाले किसानों को मिलेगा।

नई योजना के तहत लोन लेने वाले पंजीकृत किसान की आकस्मिक मृत्यु होने पर लोन की बकाया राशि रिस्क रिलीफ फंड वहन करेगा। यानी मृतक किसान के परिवार से कोई वसूली नहीं की जाएगी। जिससे किसान परिवारों को लोन चुकाने के लिए परेशान नहीं होना पड़ेगा। मृतक किसान के परिजनों को कर्ज चुकाने के लिए अपनी खेती की जमीन या घर जायदाद बेचने की जरूरत नहीं पड़ेगी और न ही बैंकों की तरफ से किसानों पर कर्ज चुकाने के लिए किसी तरह का दबाव डाला जाएगा। 

1 लाख के बीमा पर  2200 रुपए की बचत होगी 

 लोन लेने वाले किसानों को पहले बीमा सरकार की सहकार सुरक्षा बीमा योजना के तहत करवाना होता था। इसमें किसानों को सालाना प्रीमियम 3.5 % की दर से चुकाना होता था। समझने के लिए मान लो अगर कोई किसान 1 लाख रुपये का लोन लेता है तो उसे 3500 रुपये तक प्रीमियम राशि के तौर पर चुकाने होते थे। लेकिन अब सरकार ने रिस्क रिलीफ फंड स्कीम लागू कर दी है। अब इस नई स्कीम के तहत प्रीमियम भुगतान की दर सिर्फ 1.3 % रह गई है। यानी कि अब किसानों को 3500 की जगह सिर्फ 1300 रुपये का प्रीमियम भुगतान करना होगा। इस तरह किसानों को 1 लाख रुपये के लोन पर 2200 रुपये की सीधी बचत होगी। 

किसान e- मित्र या जनआधार पोर्टल से आवेदन कर पाएंगे 

ये प्रक्रिया अब पूरी तरह ऑनलाइन कर दी गई है। अब लोन पंजीकृत किसान की मृत्यु के बाद किसानों के परिजनों को लोन माफ कराने के लिए सरकारी दफ्तरों और बैंकों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। अब से किसान परिजनों को  सिर्फ जनाधार पोर्टल पर ऑनलाइन रिकॉर्ड अपडेट करवाना होगा। ऑनलाइन अपडेट कराने के साथ ही जानकारी सहकारी बैंक के ऑनलाइन पोर्टल पर अपडेट हो जाएगी। 

बता दें कि जिले के करीब 2.5  लाख किसानों को इस योजना का लाभ मिलेगा। अब देखना होगा कि प्रीमियम में कटौती किसानों के लिए कितनी फायदेमंद साबित होती है और मुसीबत के समय किसान परिवारों को इसका लाभ कितनी आसानी से मिल पाता है।

यह भी पढ़ें- भीलवाड़ा में जयपुर से बेहतर होती है पढ़ाई, शैक्षणिक स्तर में टॉप 10 में हुआ शामिल