Jaipur Flight News: राजधानी दिल्ली में खराब मौसम के कारण देशभर से आने वाली कई उड़ानों को डायवर्ट किया गया। ऐसे में जयपुर एयरपोर्ट पर यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं खराब मौसम की वजह से यातायात काफी प्रभावित रहा। आपकी जानकारी के लिए बता दें कि सोमवार को अलग-अलग शहरों से दिल्ली जा रही कई फ्लाइट्स मौसम खराब होने के चलते जयपुर डायवर्ट कर दी गईं। इनमें गुवाहाटी से दिल्ली जा रही एयर इंडिया एक्सप्रेस की एक फ्लाइट सबसे ज्यादा प्रभावित रही।
10 घंटे तक सफर और इंतजार से जूझते रहे यात्री
यह फ्लाइट पहले दिल्ली में लैंड नहीं कर सकी, जिसके बाद इसे लखनऊ भेजा गया। वहां से दोबारा उड़ान भरने के बाद भी दिल्ली में अनुमति नहीं मिली और लास्ट में इसे जयपुर डायवर्ट करना पड़ा। इस दौरान यात्री करीब 10 घंटे तक लगातार सफर और इंतजार से जूझते रहे। सुबह 6:15 बजे जयपुर पहुंचने के बाद भी यात्रियों को राहत नहीं मिली। दिल्ली के लिए अनुमति मिलने के बावजूद पायलट ने ड्यूटी टाइम खत्म होने का हवाला देते हुए उड़ान भरने से इनकार कर दिया। इसके बाद फ्लाइट को करीब पांच घंटे बाद सुबह 11:30 बजे रवाना किया गया।
पूरी रात एयरोर्ट पर फंसे रहे यात्री
इस दौरान जयपुर एयरपोर्ट पर डायवर्ट होकर आए विमानों की संख्या बढ़ गई। सिंगापुर, पुणे, मुंबई, नासिक, अमृतसर, कोलकाता और इंदौर से दिल्ली जाने वाली कई उड़ानें भी जयपुर उतारी गईं। मिली जानकारी के मुताबिक देर रात तक सात फ्लाइट्स को वापस रवाना किया गया, जबकि चार उड़ानें सुबह 11 बजे तक ही उड़ान भर सकीं। खराब मौसम और अव्यवस्था के चलते कई यात्रियों को जयपुर एयरपोर्ट पर पूरी रात बितानी पड़ी। सुबह रवाना होने के बाद यात्रियों ने सोशल मीडिया पर अपना गुस्सा जाहिर करते हुए एयरलाइंस के रवैये को गैर-जिम्मेदाराना बताया।
यह भी पढ़ें- Drug Control Department: राजस्थान में कई दवाइयां और मेहंदी कोन निकले नकली, विभाग ने जनता को किया सतर्क
आपको बताते चलें कि इससे पहले भी पायलटों की कमी और फ्लाइट ड्यूटी टाइम लिमिटेशन नियमों की वजह से एयरलाइंस को परिचालन संबंधी चुनौतियों का सामना करना पड़ा है। एक बार फिर ऐसी स्थिति ने यात्रियों की परेशानी बढ़ा दी है