Alwar News: अलवर जिले के सबसे बड़े सरकारी हॉस्पिटल राजीव गांधी सामान्य अस्पताल के सफाईकर्मियों ने सोमवार को काम करना बंद कर दिया है। सफाईकर्मियों ने समय पर सैलरी नहीं मिलने से नाराज होकर पीएमओ को शिकायत की थी। इसके बावजूद सैलरी नहीं मिली तो काम करना बंद कर दिया। सफाईकर्मियों ने ठेकेदार पर आरोप लगाया कि वह नौकरी से हटाने की धमकी देते हैं।
समय पर सैलरी नहीं मिलने से जताया विरोध
वहीं, कर्मचारियों का आरोप है कि पूरे महीने काम करने के बावजूद 10 अगस्त तक हमें सैलरी नहीं दी मिली। टेंडर की शर्तों के अनुसार हर महीने की 7 तारीख तक वेतन का भुगतान हो जाना चाहिए था। सफाईकर्मियों ने आरोप लगाया कि ठेकेदार तानाशाही करता है। कर्मचारियों को हटाने की धमकी देता है। हमने तीन दिन पहले पीएमओ को सूचना दी। इसके बाद हड़ताल की है। कुल 60 सफाईकर्मी हड़ताल पर हैं।
यह भी पढ़ें- Ajmer E-Bus: अजमेर में PM ई-बस सेवा की शुरुआत, पहली खेप में 5 बसें पहुंचीं; 21 नए रूट पर दौड़ेंगी 100 ई-बसें
कर्मचारियों का कहना है कि हमें केवल 285 रुपए प्रतिदिन के हिसाब से मिलते हैं। समय पर सैलरी नहीं मिलने से परेशानी होती है। महिला सफाईकर्मी कल्पना का कहना है कि काम की बात आती है तो धमकी देकर कराते हैं। सैलरी नहीं मिलती है, लेकिन कोई सुनता नहीं है। अब 10 तारीख होने के बावजूद सैलरी नहीं मिली है। अब दूसरे सफाईकर्मी लगाने की बात कर रहे हैं। हम ऐसा नहीं होने देंगे।