rajasthanone Logo
Ajmer E-Bus: अजमेर में ई-बस सेवा का काउंटडाउन शुरू हो गया है। वहीं 5 बसें पहुंच चुकी हैं। आइए जानते हैं कि बसें पुष्कर-किशनगढ़ समेत किन रूटों पर दौड़ेंगी।

Ajmer E-Bus: अजमेर के लिए प्रधानमंत्री ई-बस योजना के तहत पहली खेप पहुंच गई है। नगर निगम को 100 बसों में से 5 बसें मिलनी हैं। रविवार शाम अहमदाबाद से कंपनी के प्रतिनिधि ई-बसें लेकर नगर निगम की पंचशील स्थित नई बिल्डिंग पहुंचे। शेष 95 बसें आने के बाद तय किए गए 21 नए रूट पर इनका संचालन किया जाएगा। बसों को सीएम भजनलाल शर्मा से हरी झंडी दिखाकर रवाना कराने की तैयारी है। बताया जा रहा है कि इसी सप्ताह मुख्यमंत्री का अजमेर दौरा प्रस्तावित है। इस दौरान कई बिल्डिंग के उद्घाटन के साथ नई बसें भी आमजन को समर्पित की जाएंगी। बसों के संचालन और रखरखाव की जिम्मेदारी अहमदाबाद की कंपनी सीईएसएल मोबिलिटी की रहेगी। कंपनी के चालक और परिचालक ही बसों का संचालन करेंगे। बसें रूट पर चलने के बाद नौसर घाटी स्थित निगम के बस स्टैंड पर खड़ी होंगी। यहीं से संचालन होगा। चार्जिंग पॉइंट भी बनाए गए हैं।

आपको बता दें कि पीएम बस योजना के तहत नगर निगम को देर शाम बसें मिली हैं। इनका रजिस्ट्रेशन करवाकर जल्द संचालन शुरू किया जाएगा। पहले चरण में 5 बसें मिल रही हैं, जिनमें से चार देर शाम आ गई हैं। एक बस देर रात या सुबह तक पहुंच जाएगी। वहीं, नगर निगम अधिकारियों के अनुसार पहले चरण में ई-बसें अजमेर सिटी रेलवे स्टेशन, माकड़वाली, वैशाली नगर, रामनगर, जनाना अस्पताल, तबीजी, दौराई सहित विभिन्न क्षेत्रों को कवर करेंगी। इसके अलावा पुष्कर, नसीराबाद, श्रीनगर, किशनगढ़, केकड़ी और मांगलियावास तक भी बसें चलेंगी।

35 सीटर AC बसों में GPS और ऑटोमैटिक गेट की सुविधा

आपकी जानकारी के लिए बता दें कि ई-बस 35 सीटर और पूरी तरह वातानुकूलित है। इसमें आरामदायक कुशन सीटों के साथ अलार्म सिस्टम और रूट की जानकारी देने की सुविधा है। चढ़ने और उतरने के गेट ऑटोमेटिक हैं। बस में पहली बार लिफ्ट सिस्टम भी लगाया गया है। इसका उपयोग गर्भवती, बुजुर्ग और विशेष योग्यजन कर सकेंगे। व्हीलचेयर पर बैठे व्यक्ति को भी लिफ्ट के जरिए बस में चढ़ाया जा सकेगा।

मिली जानकारी के मुताबिक, बसों में जीपीएस और ट्रैकिंग सिस्टम लगाया गया है। इसे आईटीएमएस एप से जोड़ा गया है। आमजन एप डाउनलोड कर बस की लोकेशन देख सकेंगे। अब तक यह सुविधा अधिकारियों के लिए उपलब्ध थी। पीएम ई-बस में पहली बार इसे आमजन के लिए भी शुरू किया जा रहा है। ई-बस के तहत बस को रोजाना कम से कम 200 किमी चलाना होगा। केंद्र सरकार की ओर से प्रति किमी 22 रुपए की राशि मिलेगी। इसके एवज में 69 रुपए प्रति किमी दिए जाएंगे।

5379487