Drinking Water Project: पेयजल परियोजना के तहत 8 जून को होने वाले मरम्मत कार्य के कारण ब्यावर, किशनगढ़ व नसीराबाद के शहरी क्षेत्रों में जलापूर्ति नहीं होगी। वहीं अजमेर शहर की जलापूर्ति भी आंशिक रूप से प्रभावित रहेगी। जलदाय विभाग के अनुसार थड़ोली पंप हाउस पर खराब सीटीपीटी सेट बदला जाएगा। इसके लिए जयपुर डिस्कॉम ने 4 से 5 घंटे का विद्युत शटडाउन लिया है।
10-12 घंटे चलेगा काम
इसी दौरान परियोजना के द्वितीय चरण में केकड़ी से नसीराबाद तक बिछाई गई 1600 मिमी व्यास की एमएस पाइपलाइन में ग्राम अजगरा के निकट वेल्डिंग लीकेज की मरम्मत भी की जाएगी। विभाग के मुताबिक मरम्मत कार्य में 10 से 12 घंटे लगेंगे। इसके कारण परियोजना के जल उत्पादन में करीब 90 एमएलडी की कमी आएगी। इससे जलापूर्ति व्यवस्था प्रभावित होगी।
कार्य पूर्ण होने के बाद जलापूर्ति को बहाल कर दिया जाएगा
जलदाय विभाग के अधीक्षण अभियंता रामचंद्र राड़ ने शुक्रवार को थड़ोली पंप हाउस का निरीक्षण कर अभियंताओं की बैठक ली। बैठक में सीटीपीटी सेट बदलने की कार्ययोजना, पाइपलाइन मरम्मत और प्रभावित क्षेत्रों में जलापूर्ति प्रबंधन की समीक्षा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि मरम्मत कार्य निर्धारित समय में पूरा कर जलापूर्ति व्यवस्था को जल्द से जल्द सामान्य बनाया जाए। ऐसे में विभाग ने बताया कि कार्य पूर्ण होने के बाद जलापूर्ति को बहाल कर दिया जाएगा।