Rajasthan Railway News: अजमेर रेलवे स्टेशन के 155.44 करोड़ रुपए के री-डेवलपमेंट काम शुरू होने से पहले प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर कई बदलाव किए जाएंगे। इसके लिए अजमेर रेल मंडल के अधिकारियों ने तखमीना तैयार कर लिया है। आपको बता दें कि प्लेटफॉर्म 1 पर बने बुकिंग ऑफिस को पीआरएस में शिफ्ट किया जाएगा। वहीं, थर्ड एंट्री गेट पर लगी टिकट वेंडिंग मशीनों को भी पीआरएस या आसपास शिफ्ट करने की तैयारी है। प्लेटफॉर्म 1 पर लगे 5 स्टॉल भी दूसरे प्लेटफॉर्म पर शिफ्ट होंगे। 

आपकी जानकारी के लिए बता दें कि गत दिनों डीआरएम राजू भूतड़ा ने अधिकारियों की टीम के साथ स्टेशन का निरीक्षण किया था। उन्होंने शिफ्टिंग का तखमीना तैयार करने के निर्देश दिए थे। इसके बाद तखमीना तैयार किया गया। माना जा रहा है कि बारिश के बाद सितंबर-अक्टूबर में संबंधित फर्म स्टेशन पर निर्माण कार्य शुरू करेगी। इससे पहले प्लेटफॉर्म 1 पर जरूरी शिफ्टिंग पूरी करने की तैयारी है।

मिली जानकारी के मुताबिक, प्लेटफॉर्म-1 के वेटिंग रूम को जनरल टिकट वाले यात्रियों के लिए खोल दिया गया है। दरअसल, थर्ड एंट्री गेट के पास बने सुलभकॉम्प्लेक्स की मरम्मत चल रही है। यह जनरल कोच के यात्रियों के उपयोग में आता है। इसी से वैकल्पिक व्यवस्था की गई है। स्टेशन की छत पर भी मरम्मत का काम चल रहा है। अजमेर रेल मंडल के सीनियर डीसीएम कैप्टन मिहिर देव ने बताया कि स्टेशन री डेवलेपमेंट के काम से पहले बुकिंग ऑफिस, स्टॉल सहित अन्य की शिफ्टिंग होनी है। निर्माण कार्य के पहले यह होना है।