Ajmer Security Alert: स्वतंत्रता दिवस को लेकर अजमेर में सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर हैं। जिला पुलिस के साथ जीआरपी, आरपीएफ और अन्य सुरक्षा एजेंसियां लगातार चेकिंग और निगरानी कर रही हैं। एसपी हर्षवर्धन अग्रवाला के निर्देश पर जिले के सभी अधिकारियों और थाना प्रभारियों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस की ओर से थाना क्षेत्रों में गश्त बढ़ाने के साथ होटल-ढाबों की जांच, नाकाबंदी कर वाहनों की चेकिंग और संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी की जा रही है।
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि बुधवार को अजमेर रेलवे स्टेशन पर जीआरपी और आरपीएफ ने संयुक्त चेकिंग अभियान चलाया। जीआरपी थाना प्रभारी फूलचंद बालोटिया के नेतृत्व में चले अभियान में सीआईडी, डॉग स्क्वायड और मेटल डिटेक्टर की मदद से स्टेशन परिसर की जांच की गई।
प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर खड़ी ट्रेन को भी डॉग स्क्वायड से चेक किया गया। सुरक्षा कर्मियों ने यात्रियों के बैग खुलवाकर उनकी जांच की और स्टेशन पर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी। इमरजेंसी रिस्पांस टीम और अन्य सुरक्षा एजेंसियों की ओर से रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और शहर के अन्य प्रमुख स्थानों पर भी चेकिंग की गई। इस दौरान यात्रियों और आमजन से सतर्क रहने की अपील की गई।
ऐसे में सुरक्षा एजेंसियों का कहना है कि कोई संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु दिखाई दे तो खुद उसे छूने या हटाने के बजाय तत्काल पुलिस को सूचना दें। 15 अगस्त के मद्देनजर पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां सार्वजनिक स्थानों, रेलवे परिसर, प्रमुख मार्गों और संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी रख रही हैं।