Ajmer Gas Cylinder Crisis: अजमेर में रसोई गैस सिलेंडर की सप्लाई अब तक पूरी तरह पटरी पर नहीं आ पाई है, जिससे उपभोक्ताओं को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वर्तमान में लोगों को गैस सिलेंडर की डिलीवरी बुकिंग के करीब चार दिन बाद मिल रही है, जबकि पहले यह समय कम हुआ करता था। सबसे ज्यादा दिक्कत उन उपभोक्ताओं को हो रही है जिनके पास केवल एक ही सिलेंडर है।
हर रोज 6000 सिलेंडर की बुकिंग ज्यादा हो रही
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि पहले के मुकाबले अब हर रोज 6000 सिलेंडर की बुकिंग ज्यादा हो रही है। ऐसे में व्यवस्था को पटरी पर आने में समय लग रहा है। वहीं रसद विभाग का दावा है कि सिलेंडर आपूर्ति की शिकायतों में कमी आई है और इस हफ्ते आपूर्ति सुचारू हो जाएगी। रसद विभाग के मुताबिक अजमेर में 6 लाख से ज्यादा रसोई गैस सिलेंडर के उपभोक्ता है। वहीं अमेरिका इजरायल और ईरान युद्ध की वजह से गैस सिलेंडर की किल्लत शुरू हुई थी। जिसके बाद सिलेंडर की बुकिंग के लिए 25 दिन का नियम तय कर दिया गया था।
एक सप्ताह के भीतर सप्लाई व्यवस्था पूरी तरह सामान्य हो जाएगी
वहीं अब 25 दिन बाद बुकिंग करने पर भी गैस सिलेंडर बुकिंग के चार दिन बाद मिल रहा है। इस वजह से पहले के मुकाबले बुकिंग ज्यादा हो रही हैं। पहले अजमेर जिले में रोजाना 12000 के करीब सिलेंडर की बुकिंग होती थी, लेकिन वहीं यह बुकिंग का आंकड़ा 18000 से भी ऊपर पहुंच गया है। जिला रसद अधिकारी नीरज कुमार जैन ने बताया कि सभी गैस एजेंसी पर तीन से चार दिन में आपूर्ति होने लगी है। कुछ एजेंसी हैं तो अगले दिन ही गैस सिलेंडर की डिलीवरी कर रही है। एक सप्ताह पहले जहां रोजाना 100 शिकायतें मिल रही थीं, अब उनकी संख्या घटकर 10-15 रह गई है। विभाग का दावा है कि अगले एक सप्ताह के भीतर सप्लाई व्यवस्था पूरी तरह सामान्य हो जाएगी।









