Rajasthan Roadways: अजमेर के केंद्रीय बस स्टैंड की अब पूरी सूरत बदलने वाली है। यहां रोडवेज संचालन और व्यावसायिक गतिविधियों के लिए दो अलग-अलग जी प्लस श्री भवन बनाए जाएंगे। दोनों के प्रवेश और निकास भी अलग होंगे। इससे यात्रियों की आवाजाही और व्यावसायिक गतिविधियों के बीच अलगाव रहेगा। साथ ही दोनों भवनों के संचालन, बिजली, सफाई और रखरखाव की जिम्मेदारियां भी अलग रहेंगी। योजना के तहत रोडवेज एडीए को कुछ भूमि उपलब्ध कराएगा। इस पर एडीए अपने खर्च से व्यावसायिक भवन बनाएगा और उसे लीज पर देकर आय अर्जित करेगा।
अजमेर केंद्रीय बस स्टैंड पुनर्विकास
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि रोडवेज के नए भवन सहित पूरे बस स्टैंड के पुनर्विकास की कार्यकारी एजेंसी भी एडीए होगी। इस संबंध में एडीए, रोडवेज, जिला प्रशासन और विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी के साथ बैठक हो चुकी है। पहले रोडवेज की नई बिल्डिंग के निर्माण की जिम्मेदारी आरएसआरडीसी को दी गई थी, लेकिन बाद में निर्माण एजेंसी बदलकर एडीए को सौंप दी गई।केंद्रीय बस स्टैंड के पुनर्विकास की योजना पहले स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत अहमदाबाद मॉडल पर तैयार की गई थी।
अजमेर बस स्टैंड की नई बिल्डिंग
आपको बता दें कि मौजूदा बस स्टैंड का भवन जर्जर है। कई जगह प्लास्टर उखड़ रहा है और छतों से सरिए बाहर निकल आए हैं। परिसर में अजमेर, अजयमेरु व सीबीएस आगार संचालित हैं। अजयमेरु आगार की कार्यशाला भी यहीं है। करीब 400 कर्मचारी कार्यरत हैं। बस स्टैंड से प्रतिदिन करीब 17 हजार यात्रियों और 700 बसों की आवाजाही होती है। नए बस स्टैंड को अगले 50 साल की जरूरतों के अनुसार आधुनिक ट्रांजिट हब के रूप में विकसित करने की योजना है। इसमें हाईराइज प्लेटफॉर्म, डिजिटल डिस्प्ले, बसों की रियल टाइम लोकेशन और ई-बस चार्जिंग स्टेशन जैसी सुविधाएं प्रस्तावित हैं। अलग-अलग शहरों के लिए बसों का संचालन व्यवस्थित किया जाएगा। वोल्वो, एसी और अन्य श्रेणियों की बसों के लिए अलग-अलग प्लेटफॉर्म बनाए जाएंगे। यात्रियों के लिए बेहतर प्रतीक्षालय, गार्डन, स्टैच्यू, आधुनिक लाइटिंग और कार्यालयों की व्यवस्था भी होगी।