Shahar Chalo Abhiyan: भाजपा शासन का पहला अभियान 'शहर चलो अभियान' इसी महीने शुरू होने जा रहा है। इसमें 55 तरह के काम किए जाएँगे। आधे काम केंद्र की फ्लैगशिप योजनाओं से भी जुड़े होंगे। इसके साथ ही, निकायों को मुख्यमंत्री के नाम से चल रही योजनाओं को शामिल करते हुए शिविर के माध्यम से दिए गए लक्ष्य को हासिल करना होगा। गौरतलब है कि राजस्थान में आमतौर पर मानसून 15 सितंबर से खत्म हो जाता है।

15 सितंबर से चलाया जाएगा अभियान

आपको बता दें कि शहर चलो अभियान 15 सितंबर से चलाया जाएगा। इस अभियान में सड़क, लाइट, सफाई, सीवर, गड्ढों की मरम्मत, फायर एनओसी, ट्रेड लाइसेंस जैसे 55 तरह के अलग-अलग कार्य शुरू किए जाएंगे। हालाँकि, स्वायत्त शासन एवं नगरीय विकास ने इसकी गाइडलाइन जारी कर दी है।

वार्ड स्तर पर भी लगाए जाएंगे शिविर

शहर चलो अभियान के शिविर 312 निकायों और आवासन मंडल के सभी कार्यालयों में लगाए जाएँगे। इसे राजनीतिक रूप से इस तरह भी देखा जा सकता है कि सरकार दिसंबर में प्रस्तावित निकाय चुनावों से पहले आम लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए 'शहर चलो' अभियान शुरू करने जा रही है। इसके लिए प्रदेश भर के निकायों में वार्ड स्तर पर शिविर लगाए जाएँगे।

2 अक्टूबर तक चलेगा शहर चलो अभियान

पूरे राज्य में शिविरों की तैयारियों के लिए 4 से 13 सितंबर तक प्री-कैंप का आयोजन किया जा रहा है। शहर चलो अभियान 15 सितंबर से 2 अक्टूबर तक चलेगा। ये शिविर राज्य भर के निकायों में मुख्य कार्यालय के साथ-साथ जोन कार्यालयों और वार्ड स्तर पर बनाए गए सार्वजनिक स्थलों पर आयोजित किए जाएंगे।

आम जनता से जुड़े किए जाएंगे कार्य

स्वायत्त शासन विभाग के सचिव रवि जैन ने बताया कि शहर चलो अभियान के तहत आम जनता से जुड़े कार्य किए जाएंगे। शिविर के दौरान आम जनता की समस्याओं का यथाशीघ्र मौके पर ही समाधान किया जाएगा।

अभियान के शिविर में क्या क्या होगा मुख्य कार्य

गलियों, मोहल्लों, चौराहों की सफाई।

टूटे हुए फेरोकवर, क्रॉस और ब्लैक स्पॉट की मरम्मत।

सड़कों का पैचवर्क और पार्कों व शौचालयों की मरम्मत।

सीवर कनेक्शन और मरम्मत कार्य।

लंबित फाइलों का निपटान।

भूमि उपयोग परिवर्तन, हस्तांतरण और भवन निर्माण अनुमोदन।

व्यापार लाइसेंस, अग्नि अनापत्ति प्रमाण पत्र, स्ट्रीट वेंडर पंजीकरण।

सामाजिक सुरक्षा और योजनाओं के लिए आवेदन।

स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत की जाएगी, अंधेरी सुनसान सड़कों पर लाइटें लगाई जाएँगी।
आवारा पशुओं को पकड़ा जाएगा।

जन्म-मृत्यु, विवाह पंजीकरण, अग्नि अनापत्ति प्रमाण पत्र, ट्रेड लाइसेंस, साइनेज लाइसेंस, सीवर कनेक्शन, आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस) प्रमाण पत्र जारी किए जाएँगे।

स्वीकृत योजनाओं के पट्टे, 69ए, 54ई, 50बी, 60सी के पट्टे, उपविभाजन, पुनर्गठन, भूमि उपयोग परिवर्तन, हस्तांतरण, पट्टा मुक्ति प्रमाण पत्र और भवन निर्माण स्वीकृति प्रमाण पत्र का निपटान किया जाएगा।

लीजहोल्ड से फ्रीहोल्ड पट्टे जारी किए जाएँगे।

यूडी टैक्स वसूला जाएगा।

स्कूलों, आंगनबाड़ियों और सार्वजनिक भवनों की मरम्मत की जाएगी।

अटल पेंशन योजना, विधवा, वृद्धावस्था, विकलांग पेंशन के लिए आवेदन लिए जाएँगे।

मुख्यमंत्री निःशुल्क बिजली योजना के लिए आवेदन लिए जाएँगे।

पीएम स्वनिधि से समृद्धि के तहत 173 निकायों में पीएम सुरक्षा बीमा, पीएम जीवन ज्योति बीमा, पीएम जन धन, जननी सुरक्षा, श्रम योगी मान धन, भवन निर्माण श्रमिक पंजीकरण, वन नेशन वन राशन कार्ड, मातृ वंदना योजना का लाभ दिया जाएगा।