Hair Care: हर महिला चाहती हैं कि वे सुंदर दिखें। इसके लिए महिलाएं बालों में केराटिन ट्रीटमेंट करवाती हैं, जिससे उनके बाल स्मूथ, सिल्की और फ्रिज-फ्री दिखते हैं। लेकिन आपको बता दें कि इस दौरान प्रोटीन और हीट का इस्तेमाल किया जाता है, जो बालों को चमकदार तो बनाता है, लेकिन इससे बालों को नुकसान भी पहुंचाता है। वहीं, इसके लिए ज्यादा पैसे भी खर्च करने पड़ते हैं। अगर आप बिना ज्यादा पैसे खर्च किए अपने बालों को मुलायम और चमकदार बनाना चाहते हैं, तो ऐसे में आपकी मदद के लिए हम आपको होममेड हेयर मास्क के बारे में बताने जा रहे हैं, जो केराटिन की तरह काम करता है। तो चलिए जानते हैं इसके बारे में।
अलसी के बीजों में ओमेगा-3 फैटी एसिड होता है। इसके साथ ही इनमें फाइबर और कई जरूरी पोषक तत्व मौजूद होते हैं। यह स्कैल्प को पोषण देने में मदद करता है और बालों की जड़ों को भी मजबूत बनाता है। वहीं, चावल का पानी बालों की बनावट को बेहतर बनाने में मदद करता है। यह नेचुरल कंडीशनर की तरह काम करता है। ऐसे में बाल मुलायम और फ्रिज-फ्री होते हैं। एलोवेरा स्कैल्प को शांत करता है। वहीं, यह बालों में नमी भी देता है। यह बालों की जड़ों को पोषण देने का काम करता है।
अलसी, चावल और एलोवेरा से बनाएं होममेड हेयर मास्क
इस मास्क को बनाने के लिए सबसे पहले पानी में चावल और अलसी के बीज डालकर पका लें। जब मिश्रण थोड़ा गाढ़ा हो जाए, तो इसे छानकर ठंडा कर लें। इसके बाद इसमें ताजा एलोवेरा जेल का गूदा निकालकर मिलाएं। आपको बता दें कि एलोवेरा जेल का गूदा निकालकर पहले इसे अच्छी तरह ब्लेंड कर लें। फिर तैयार मिश्रण को बालों की जड़ों से लेकर सिरों तक लगाएं। इसे बालों में करीब एक घंटे तक लगा रहने दें। इसके बाद बालों को गुनगुने पानी से धो लें। अगले दिन आप बालों में शैंपू लगा सकते हैं। इस हेयर मास्क को आप हफ्ते में एक बार ट्राई कर सकते हैं। इसे लगाने के बाद आपके बाल काफी चमकदार और मुलायम दिख सकते हैं।










