Cucumber Ice Cube: गर्मी के मौसम में त्वचा का खास ख्याल रखने की जरूरत होती है। क्योंकि इस मौसम में प्रदूषण और तेज धूप से त्वचा काफी जल्दी डल हो जाती है। ऐसे में चेहरा थका हुआ नजर आने लगता है। त्वचा की रंगत बरकरार रखने के लिए कई लोग पार्लर का सहारा लेते हैं, लेकिन हर महिला के लिए पार्लर जाना मुमकिन नहीं होता है।
जानें आइस क्यूब बनाने का तरीका
ऐसे में आप किचन में मौजूद कुछ चीजों से अपनी त्वचा को बेहतर बना सकती हैं। आज हम आपको चेहरे को ग्लोइंग बनाने का आसान तरीका बताएंगे। इसके लिए आपको खीरे की जरूरत पड़ेगी। खीरा त्वचा के लिए काफी फायदेमंद होता है। इसमें कई ऐसे तत्व मौजूद होते हैं, जो त्वचा को अंदर से हाइड्रेट करने में मदद करते हैं। इसके लिए आपको ज्यादा पैसे खर्च करने की भी आवश्यकता नहीं पड़ेगी। यह आपकी त्वचा को ठंडक देने के साथ मुलायम बनाने में भी मदद करता है।
ऐसे करें इस्तेमाल
इसके लिए आप खीरे की आइस क्यूब बनाकर रख सकते हैं। खीरे की आइस क्यूब बनाने के लिए आपको एक ताजा खीरा लेना है, जिसे आप अच्छी तरह से धो लें। फिर खीरे को काटकर मिक्सर जार में डालकर पीस लें। अब इसे एक साफ कपड़े में डालकर इसका रस निकाल लें। इसके बाद इसमें थोड़ा सा गुलाब जल मिक्स करें।
स्किन बनेगी चमकदार
तैयार मिश्रण को आइस ट्रे में डालें और फ्रीजर में जमने के लिए रख दें। जब खीरे की आइस क्यूब तैयार हो जाए, तो आप इसे हर रोज फेस वॉश करने के बाद हल्के हाथों से चेहरे पर मसाज करते हुए लगाएं। इसे लगाने से आपके चेहरे को ठंडक मिलेगी। साथ ही आपकी स्किन भी हाइड्रेट रहेगी और चेहरा खिला-खिला नजर आएगा। इन आइस क्यूब्स को आप 5 से 6 दिन तक इस्तेमाल कर सकते हैं।










