Protein Rich Roti: पार्टी हो या रोजाना का खाना, रोटी लगभग हर घर में बनाई जाती है। ज्यादातर लोग दिन में दो बार रोटी खाते हैं। ऐसे में आपको अपनी रोटी में प्रोटीन शामिल करना चाहिए। ऐसा करने से आपकी साधारण रोटी भी ज्यादा हेल्दी बन सकती है। आज हम इस लेख में बताएंगे कि कुछ छोटे बदलाव करके आप साधारण रोटी को भी पौष्टिक बना सकते हैं। यह आपके वजन को नियंत्रित रखने और डायबिटीज के मरीजों के लिए भी फायदेमंद हो सकता है। तो चलिए जानते हैं प्रोटीन से भरपूर रोटी बनाने की आसान रेसिपी।
इस तरह बनाएं प्रोटीन से भरपूर रोटी
इसके लिए गेहूं के आटे में प्रोटीन और फाइबर से भरपूर कुछ अन्य आटे मिलाने होंगे। सबसे पहले एक बर्तन में दो कप बेसन लें। इसके लिए आप छिलके वाले चने को पीसकर भी आटा तैयार कर सकते हैं। इसके बाद इसमें एक कप कोई भी मोटा अनाज, जैसे ज्वार या बाजरे का आटा मिलाएं। अब इसमें एक कप गेहूं का आटा डालकर सभी आटों को अच्छी तरह मिक्स कर लें।
बेसन और मोटे अनाज से बनाएं हेल्दी रोटी
जब भी आपको रोटी बनानी हो, इस तैयार आटे को जरूरत के अनुसार निकालें। इसमें थोड़ा-थोड़ा पानी डालकर अच्छी तरह गूंथ लें। अब आटे की लोई बनाकर बेलन की मदद से रोटी बेलें और तवे पर अच्छी तरह सेंक लें।
तैयार प्रोटीन वाली रोटी को आप किसी भी सब्जी, दाल या हरी धनिया की चटनी के साथ खा सकते हैं। बेसन, ज्वार और बाजरे के आटे से बनी यह रोटी प्रोटीन और फाइबर का अच्छा स्रोत हो सकती है। इसे बच्चों से लेकर बड़े सभी अपनी डाइट में शामिल कर सकते हैं।