rajasthanone Logo
Diwali Recipe: लौकी के छिलके फेंकने के बजाय स्वादिष्ट टिक्की बनाकर सर्व कर सकते हैं। यह बाहर से कुरकुरी और अंदर से सॉफ्ट बनकर तैयार होती है।

Diwali Recipe: दिवाली पर घर में मेहमानों का आना-जाना लगा रहता है। ऐसे में चाय के साथ कुछ अलग और स्वादिष्ट नाश्ता परोसना हो, तो लौकी के छिलके से बनी टिक्की एक अच्छा विकल्प है। यह बाहर से कुरकुरी और अंदर से बेहद नरम होती है। खास बात यह है कि इसे बनाने के लिए लौकी के छिलकों का इस्तेमाल किया जाता है। तो चलिए जानते हैं इसे बनाने की आसान रेसिपी।
सामग्री
लौकी के छिलके – 1 कप
उबले हुए आलू – 2
बेसन – 2 बड़े चम्मच
बारीक कटा प्याज – 1
हरी मिर्च – 1
अदरक – 1 इंच का टुकड़ा
हरा धनिया – 2 बड़े चम्मच
लाल मिर्च पाउडर – स्वादानुसार
धनिया पाउडर – 1 छोटा चम्मच
गरम मसाला – ½ छोटा चम्मच
नमक – स्वादानुसार
तेल – आवश्यकतानुसार
विधि
- सबसे पहले लौकी के छिलकों को साफ पानी से अच्छी तरह धो लें। इसके बाद इन्हें बारीक काट लें। आप चाहें तो मिक्सर में हल्का दरदरा पीस भी सकते हैं। ध्यान रखें कि छिलकों का बारीक पेस्ट न बनाएं।
- अब एक पैन में थोड़ा पानी गर्म करें और उसमें कटे हुए लौकी के छिलकों को 4-5 मिनट तक उबाल लें। इसके बाद पानी छानकर छिलकों को ठंडा होने के लिए रख दें।
- अब एक बड़े बर्तन में उबले हुए आलू को अच्छी तरह मैश कर लें। इसमें लौकी के छिलके, कटा हुआ प्याज, हरी मिर्च, अदरक और हरा धनिया डालकर अच्छी तरह मिला लें।
- इसके बाद मिश्रण में नमक, लाल मिर्च पाउडर, धनिया पाउडर और गरम मसाला डालें। सभी सामग्री को अच्छी तरह मिलाएं।
- अब इसमें बेसन डालकर मिश्रण को अच्छी तरह गूंथ लें, ताकि टिक्की बनाने के लिए मिश्रण तैयार हो जाए।
- हाथों पर थोड़ा तेल लगाएं और तैयार मिश्रण से छोटी-छोटी लोइयां बनाकर उन्हें टिक्की का आकार दें।
- अब एक तवा गर्म करें और उस पर थोड़ा तेल डालें। तैयार टिक्कियों को तवे पर रखें और धीमी से मध्यम आंच पर दोनों तरफ से सुनहरा और कुरकुरा होने तक सेंक लें।
- जब टिक्कियां अच्छी तरह सिक जाएं, तो इन्हें प्लेट में निकाल लें। गरमा-गरम टिक्कियों को हरी चटनी, टमाटर सॉस या चाय के साथ परोसें।

5379487