Sweet Recipe: अक्सर खाना खाने के बाद कुछ मीठा खाने का मन करता है। ऐसे में लोग बाहर से काजू या नारियल की बर्फी लाकर खाते हैं। ऐसे में आप कुछ नया ट्राई कर सकते हैं। इसके लिए आप चने की दाल से बनी बर्फी बनाकर खा सकते हैं, जो खाने में बहुत टेस्टी होती है। साथ ही इसे बनाना भी बहुत आसान है। आज हम आपको इस लेख में चने की दाल की परफेक्ट बर्फी बनाने की रेसिपी बताने जा रहे हैं। इसके साथ ही कुछ जरूरी ट्रिक्स भी जानेंगे, जिनकी मदद से आप परफेक्ट मिठाई बना सकते हैं। तो चलिए जानते हैं इसे बनाने की रेसिपी।
सामग्री
चने की दाल – 1 कप
दूध – 2 कप
घी – ½ कप
चीनी – 1 कप
इलायची पाउडर – 1 छोटा चम्मच
ड्राई फ्रूट्स – 2 बड़े चम्मच
विधि
- इसे बनाने के लिए सबसे पहले चने की दाल को कुछ घंटों के लिए भिगोकर रख दें। फिर दाल को अच्छी तरह साफ कर लें। इसके बाद दाल और दूध को तब तक उबालें, जब तक दाल नरम न हो जाए। ध्यान रखें कि दाल को पूरी तरह गलाना नहीं है।
- अब उबली हुई दाल को ठंडा होने दें। दाल ठंडी होने के बाद मिक्सर जार में डालकर दरदरा पीस लें। फिर एक बड़ी कढ़ाई में आधा कप घी गर्म करें और उसमें पिसी हुई चने की दाल डाल दें। अब इसे धीमी आंच पर लगातार भूनें। दाल को तब तक भूनें, जब तक उसका रंग सुनहरा न हो जाए और उसमें से अच्छी खुशबू आने न लगे।
- इसके बाद इसमें एक कप चीनी और आधा कप गुनगुना पानी डालें। मिश्रण को लगातार चलाते रहें, जब तक चीनी पूरी तरह घुल न जाए। फिर इसमें इलायची पाउडर और ड्राई फ्रूट्स डालकर अच्छी तरह मिला दें। अब इसे तब तक पकाएं, जब तक मिश्रण कढ़ाई के किनारे छोड़ने न लगे।
- अब एक थाली या ट्रे में घी लगाकर उसे चिकना कर लें और तैयार मिश्रण उसमें डाल दें। ऊपर से ड्राई फ्रूट्स डालकर हल्के हाथ से दबा दें। जब मिश्रण हल्का गुनगुना रह जाए, तब चाकू की मदद से मनपसंद आकार में बर्फी काट लें। इसे 1 से 2 घंटे तक सेट होने के लिए छोड़ दें। इसके बाद दानेदार और मुंह में घुल जाने वाली स्वादिष्ट चने की दाल की बर्फी का आनंद लें।










