SMS Hospital: दिवाली पर पटाखों से झुलसने और आगजनी की घटनाओं की आशंका को देखते हुए एसएमएस अस्पताल प्रशासन ने इमरजेंसी सेवाओं को लेकर अलर्ट जारी किया है। आपको बता दें कि अस्पताल में 6 से 11 नवंबर तक विशेष आपातकालीन व्यवस्थाएं रहेंगी। वहीं, सभी संबंधित विभागों को डॉक्टरों की ड्यूटी लगाने और जरूरी संसाधन उपलब्ध रखने के निर्देश दिए गए हैं। पिछले साल पटाखों से 90 लोग घायल होकर अस्पतालों में पहुंचे थे।

चार विभागों के डॉक्टरों की राउंड द क्लॉक ड्यूटी

आपकी जानकारी के लिए बता दें कि एसएमएस हॉस्पिटल के अधीक्षक की ओर से जारी आदेश के अनुसार बर्न एंड प्लास्टिक सर्जरी, नेत्र रोग, न्यूरो सर्जरी और निश्चेतना विभाग को विशेष रूप से सतर्क रहने को कहा गया है। इन विभागों से एक-एक सहायक आचार्य या सीनियर रेजिडेंट की ड्यूटी अस्पताल की इमरजेंसी सेवाओं में अपने स्तर पर लगाने के निर्देश दिए हैं। विभागाध्यक्षों और आचायों को आपातकालीन मेडिसिन विभाग के नोडल अधिकारी को सीधे सूचना देते हुए की गई व्यवस्थाओं से अवगत कराना होगा।

डॉक्टरों की राउंड द क्लॉक ड्यूटी लगाई

दीपावली पर पटाखे जलाने और आग लगने जैसी आकस्मिक घटनाओं में घायल मरीजों की आशंका को देखते हुए अलग से बर्न वार्ड आरक्षित करने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं दवाइयों का पर्याप्त स्टॉक सुनिश्चित करने के लिए कहा गया है। अस्पताल प्रशासन ने ट्रॉमा एवं अस्थि रोग संस्थान के नोडल अधिकारी को भी निर्देश दिए हैं कि इन दिनों में आने वाले मरीजों के त्वरित उपचार के लिए जरूरी इंतजाम रखें हैं।