Rajasthan Weather: राजस्थान में मौसम काफी बदल रहा है। आसमान साफ रहने और उत्तर-पश्चिमी हवाएं चलने की वजह से दिन के तापमान में बढ़ोतरी हो रही है। वहीं, दिवाली से पहले राजस्थान के कई शहरों में अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस के पास पहुंच गया है। मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले एक हफ्ते तक राजस्थान के सभी इलाकों में मौसम शुष्क बना रहेगा। इसके साथ ही तापमान में कोई खास बदलाव देखने को नहीं मिलेगा। अगर बीते दिन यानी बुधवार की बात करें तो पश्चिमी राजस्थान के शहरों में गर्मी का असर ज्यादा देखने को मिला। वहीं, रात के तापमान में गिरावट हुई। ऐसे में सुबह और शाम हल्की सर्दी महसूस हो रही है। माउंट आबू सबसे ठंडा रहा, जहां न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। सीकर के फतेहपुर में तापमान 12.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं, धूप की वजह से कई शहरों में अभी भी गर्मी का असर बना हुआ है।
कई शहरों में 37°C के करीब पहुंचा तापमान
राजस्थान में सर्दी की शुरुआत हो चुकी है, लेकिन फिर भी ज्यादातर शहरों में रात का तापमान अभी 15 डिग्री सेल्सियस से ऊपर रिकॉर्ड किया जा रहा है। टोंक, भीलवाड़ा, चित्तौड़गढ़, सीकर, नागौर, उदयपुर और फतेहपुर में न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस से ज्यादा रिकॉर्ड किया गया है। मौसम विभाग के मुताबिक, राजस्थान में आने वाले एक सप्ताह तक मौसम साफ रह सकता है। इस दौरान दिन में धूप निकलेगी। वहीं, शहरों के दिन के तापमान में हल्की बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है। रात में सर्दी बनी रहेगी।
यह भी पढ़ें- Kunhadi Road Project: कोटा में ट्रैफिक जाम से मिलेगी राहत, नहर के ऊपर बनेगी सड़क; 19 करोड़ का प्रोजेक्ट तैयार
राजस्थान में अगले 7 दिन मौसम रहेगा शुष्क
जयपुर में मौसम साफ रहा और तेज धूप भी निकली। इस वजह से अधिकतम तापमान में 1.6 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी रिकॉर्ड की गई। यहां अधिकतम तापमान 33.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, सुबह और शाम हल्की ठंड रही और न्यूनतम तापमान 18.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।









