Sikar Roadways News: सीकर के रोडवेज डिपो में गुरुवार को ड्राइवर-कंडक्टरों और अन्य कर्मचारियों ने एकत्रित होकर एक विशाल आक्रोश रैली निकाली। चूरू में सीकर डिपो के कंडक्टर के साथ हुई मारपीट के मामले में कर्मचारियों ने अब प्रशासन और सरकार को खुली चेतावनी दी है। राजस्थान रोडवेज वर्कर्स यूनियन (सीटू) के उप महासचिव श्योदाना राम शेषमा ने बताया कि पुलिस ने पहले आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए 15 जुलाई तक की मोहलत मांगी थी, जिसके बाद 1 दिन का समय और मांगा गया। लेकिन अब कर्मचारियों का सब्र टूट रहा है। यदि अगले 24 घंटे के भीतर आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया गया, तो रोडवेज के ड्राइवर-कंडक्टर हड़ताल पर चले जाएंगे और पूरे प्रदेश में चक्काजाम किया जाएगा।
राजस्थान रोडवेज कर्मचारियों की हुंकार
यूनियन के धूड़ाराम गुर्जर ने बताया कि सीकर डिपो के कंडक्टर सुरेंद्र कुमार के साथ चूरू के कनेक्ट चौराहे पर प्राइवेट बस संचालकों के गुंडों ने बेरहमी से मारपीट की थी। इस घटना के विरोध में रोडवेज कर्मचारियों ने आज आक्रोश रैली निकालकर प्रशासन को 24 घंटे का अल्टीमेटम दिया। रैली के दौरान कर्मचारियों ने लोक परिवहन बसों, अवैध प्राइवेट बसों और प्रशासन के ढुलमुल रवैये के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। सीटू प्रदेशाध्यक्ष सीटू के प्रदेशाध्यक्ष रामदेव सिंह टाकरिया ने कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि ड्यूटी पर तैनात कर्मचारी के साथ इस तरह की गुंडागर्दी और मारपीट किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बड़े आंदोलन की चेतावनी
वर्कर्स यूनियन ने इस संबंध में चूरू के जिला कलेक्टर और जिला पुलिस अधीक्षक (SP) को ज्ञापन सौंपकर आरोपियों की तुरंत गिरफ्तारी की मांग की थी। पुलिस द्वारा समय पर कार्रवाई न किए जाने के कारण ही अब चक्काजाम और बड़े आंदोलन की तैयारी की जा रही है। इस घटनाक्रम से राजस्थान रोडवेज के उच्च प्रबंधन और परिवहन आयुक्त को भी अवगत करा दिया गया है।