Traffic Rules: जन्माष्टमी के पर्व पर सीकर शहर में श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए ट्रैफिक व्यवस्था में बदलाव किया गया है। परशुराम पार्क से दूजोद गेट और जाट बाजार से कोतवाली रोड तक वाहनों का आवागमन बंद रहेगा। यातायात पुलिस ने भीड़ और जाम से बचने के लिए रूट डायवर्जन लागू किया है। जन्माष्टमी के अवसर पर शहरभर में कई कार्यक्रम आयोजित होंगे। मुख्य कार्यक्रम गोपीनाथ मंदिर, कल्याण धाम, सुभाष चौक और जाट बाजार में होंगे। कुछ जगहों पर हांडी फोड़ प्रतियोगिताएं होंगी। नगरपरिषद के चुनावी मौसम की वजह से कई जगह पार्षद प्रत्याशी भी कार्यक्रम करवा रहे हैं। जन्माष्टमी पर कार्यक्रमों को लेकर कई जगह वन-वे और रूट डायवर्जन किया जा रहा है।
जानें कौन-कौन से रास्ते रहेंगे बंद
सीकर ट्रैफिक इंचार्ज CI मनोज भाटीवाड़ ने बताया कि आज जन्माष्टमी के कार्यक्रमों के दौरान ट्रैफिक व्यवस्था सुचारू चलाने के लिए रूट डायवर्जन और ट्रैफिक बैरिकेटिंग की जाएगी। CI मनोज भाटीवाड़ ने बताया कि जाट बाजार से स्टेट बैंक ऑफ़ इंडिया-कोतवाली रोड तक ट्रैफिक पूरी तरह बंद रहेगा और इस रोड से कनेक्टेड गलियों में बैरिकेडिंग करके वाहनों का आवागमन बंद किया जाएगा।
आपको बता दें कि आज शाम 6 बजे से सुभाष चौक से फतेहपुर गेट, नानी गेट, बावड़ी गेट, पुराने दूजोद गेट नो व्हीकल जोन रहेगा। इन रास्तों की गलियों में बैरिकेडिंग रहेगी। वहीं, अजमेरी स्टैंड से कल्याण मंदिर होकर परशुराम पार्क तक ट्रैफिक बंद रहेगा। वाहनों को 2 नंबर डिस्पेंसरी होकर निकाला जाएगा।