Rajasthan Politics: श्रीगंगानगर में सांसद हनुमान बेनीवाल के नेशनल हाईवे जाम करने के मामले में पुलिस ने RLP के 20 से ज्यादा नेताओं और कार्यकर्ताओं के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आपको बता दें कि हनुमान बेनीवाल ने 30 सितंबर को रात में समर्थकों के साथ महियावाली टोल प्लाजा के पास 4 घंटे तक सूरतगढ़-श्रीगंगानगर नेशनल हाईवे जाम किया था। वहीं मामले में हनुमान बेनीवाल ने भी सोशल मीडिया एक्स के जरिए बताया है कि जब आंदोलन के संबंध में प्रशासन के साथ सहमति बन चुकी थी, तब उसके बाद मुकदमे दर्ज करवाना लोकतांत्रिक विरोध की आवाज को दबाने का प्रयास है।
RLP के 20 से अधिक नेताओं-कार्यकर्ताओं पर मुकदमा
एसपी हरीशंकर ने बताया कि नेशनल हाईवे जाम करने के मामले में चूनावढ़ थाने में RLP जिला प्रभारी सुशील सिहाग, नगर निकाय चुनाव प्रभारी विजयपाल बेनीवाल, राकेश ज्याणी, अजय, सुभाष रीवाड़, संदीप भांभू, विनोद भांभू, पंकज खोथ, फकीरचंद, अंतराम भांभू, पप्पूराम बुरड़क, सत्येंद्र चौधरी, नरेन्द्र मांझूवास, मुन्ना ज्याणी, नत्थूराम चौधरी, अंकित अरोड़ा, सुरेंद्र भाठ, आत्माराम सिहाग और भूपेंद्र बेनीवाल सहित अन्य कार्यकर्ताओं के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि नरसिंहपुरा-मांझूवास-बारानी में प्रस्तावित कचरा प्लांट के विरोध में ग्रामीण करीब पांच महीने से आंदोलन कर रहे थे। बुधवार को गोविंद गोधाम गौशाला परिसर में इसी मुद्दे को लेकर महापंचायत हुई थी। इसमें नागौर सांसद और आरएलपी सुप्रीमो हनुमान बेनीवाल भी पहुंचे थे। महापंचायत में ग्रामीणों ने प्रस्तावित प्लांट को दूसरी जगह शिफ्ट करने की मांग रखी। बेनीवाल ने भी प्रशासन से इस मामले में तत्काल निर्णय लेने की मांग की है।
यह भी पढ़ें- Rajasthan Education: RSSB ने जारी किया संशोधित परीक्षा कैलेंडर, CET समेत 5 भर्ती परीक्षाओं की बदली डेट सामने आई
प्रशासनिक अधिकारियों के साथ कई दौर की बातचीत के बाद भी सहमति नहीं बनने पर बेनीवाल समर्थकों के साथ कलेक्ट्रेट की ओर कूच करने निकले और करीब 100 गाड़ियों का काफिला श्रीगंगानगर की ओर बढ़ा। पुलिस ने महियावाली टोल प्लाजा के पास काफिले को रोक दिया था। इसके बाद बेनीवाल और उनके समर्थक टोल पर ही धरने पर बैठ गए, जिससे करीब 4 घंटे तक हाईवे पर गाड़ियों की आवाजाही जाम रही। रात करीब 2 बजे श्रीगंगानगर एसडीएम नयन गौतम मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों से बातचीत की। प्रशासन की ओर से ग्रामीणों की मांगों को जयपुर भेजने और कचरा प्लांट के संबंध में गठित कमेटी द्वारा मामले पर दोबारा विचार करने की बात कही गई। इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने धरना समाप्त किया और हाईवे पर ट्रैफिक बहाल हुआ था।