Rajasthan Tourism: जब भी साल्ट डेजर्ट यानी नमक के रेगिस्तान की बात होती है, तो लोगों के मन में सबसे पहले गुजरात के कच्छ का नाम आता है। लेकिन आपको बता दें कि राजस्थान में भी एक ऐसी शानदार जगह है, जहां दूर-दूर तक नमक की सफेद चादर दिखाई देती है। यह जगह बेहद खूबसूरत है। ऐसे में आप यहां घूमने का प्लान बना सकते हैं। तो चलिए, इस लेख में राजस्थान के मिनी कच्छ यानी सांभर झील के बारे में जानते हैं।

राजस्थान का मिनी कच्छ है सांभर झील
सांभर झील देखने में गुजरात के कच्छ के सफेद रेगिस्तान जैसी लगती है। यहां आप सुकून के पल बिता सकते हैं। साथ ही, यह जगह फोटोग्राफी के लिए भी बेहतरीन मानी जाती है। जयपुर के पास स्थित सांभर झील भारत की सबसे बड़ी अंतर्देशीय खारे पानी की झीलों में से एक है। सर्दियों के मौसम में इसकी खूबसूरती देखते ही बनती है।

सांभर झील जयपुर, नागौर और अजमेर जिलों के आसपास के क्षेत्र में फैली हुई है। आपको बता दें कि सर्दियों के दौरान जब झील का पानी कम हो जाता है, तो कई किलोमीटर के क्षेत्र में नमक की सफेद परत दिखाई देने लगती है। यह नजारा बेहद आकर्षक लगता है।

बॉलीवुड फिल्मों की पसंदीदा जगह
सांभर झील का इतिहास काफी पुराना है। यहां का सफेद नमक का मैदान बॉलीवुड फिल्म निर्माताओं की भी पसंदीदा जगह रहा है। यहां जोधा अकबर, पीके, गोलियों की रासलीला राम-लीला और दिल्ली-6 जैसी कई फिल्मों की शूटिंग हुई है।

सर्दियों में घूमने का है खास मजा
सांभर झील घूमने के लिए नवंबर से फरवरी तक का समय अच्छा माना जाता है। इस दौरान यहां साइबेरिया और उत्तर एशिया के विभिन्न क्षेत्रों से हजारों प्रवासी पक्षी पहुंचते हैं। इनमें गुलाबी फ्लेमिंगो समेत कई प्रजातियों के पक्षी शामिल हैं।

नमक की विशाल सफेद चादर के बीच गुलाबी फ्लेमिंगो के झुंडों का नजारा बेहद खूबसूरत दिखाई देता है। ऐसे में यह जगह फोटोग्राफी के शौकीनों के लिए किसी जन्नत से कम नहीं है। आप यहां दोस्तों और परिवार के साथ यादगार पल बिता सकते हैं।

सांभर झील में देख सकते हैं पुरानी ट्रेन
सांभर झील के आसपास एक ऐतिहासिक रेल ट्रैक और ब्रिटिश काल से जुड़ी नमक ढुलाई की व्यवस्था भी देखने को मिलती है। यहां इस्तेमाल की जाने वाली छोटी ट्रेन और ट्रॉली नमक के विशाल मैदानों के बीच से गुजरती हैं, जो पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र हैं।

इसके अलावा, यहां स्थित सर्किट हाउस और आसपास की ऐतिहासिक धरोहरें भी देखने लायक हैं। अगर आप राजस्थान में किसी अनोखी और खूबसूरत जगह पर घूमने जाना चाहते हैं, तो सांभर झील आपके लिए एक अच्छा विकल्प हो सकती है।