Rajasthan Weather: राजस्थान में मौसम का मिजाज बदल चुका है। पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव होने से मौसम ने करवट ली है। कई इलाकों में आंधी, बारिश के साथ ओलावृष्टि हो रही है। मौसम विभाग द्वारा आज कई जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं ऐसे में अगर गुरुवार की बात करें तो दोपहर के बाद श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, बीकानेर समेत कई इलाकों में बादल छाए रहे। इसके साथ ही बारिश भी देखने को मिली, जिससे लोगों को राहत मिली है। इसके साथ ही आपको बताते चलें कि कुछ क्षेत्रों में अभी भी गर्मी का असर बना हुआ है।
तेज हवाएं चलने की आशंका
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि जैसलमेर का अधिकतम तापमान 46 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो राज्य में सबसे अधिक रहा। वहीं, श्रीगंगानगर में अधिकतम तापमान 44.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इन क्षेत्रों में लोगों को गर्मी से राहत नहीं मिली है। मौसम विभाग के मुताबिक आज जयपुर, भरतपुर, बीकानेर समेत कई जगहों पर 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशंका है। वहीं, कई स्थानों पर बादल गरजने, बिजली चमकने और हल्की बारिश होने की संभावना जताई गई है। कुछ इलाकों में ओलावृष्टि भी हो सकती है।
आंधी और बारिश का दौर जारी रह सकता है
मौसम विभाग ने आज बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी होने की आशंका जताई है। इसके साथ ही बताया गया है कि अगले 24 घंटे के दौरान पश्चिमी विक्षोभ और अधिक सक्रिय हो सकता है। आगामी दिनों में आंधी और बारिश का दौर जारी रह सकता है। ऐसे में तापमान में गिरावट होने की संभावना है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी।