Rajasthan Weather: राजस्थान में भीषण गर्मी के बीच अचानक मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। जहां कुछ हिस्सों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के ऊपर पहुंच गया है, वहीं कुछ जगहों पर आज सुबह हल्की बारिश होती दिखाई दी। ऐसे में लोगों को गर्मी से राहत मिली है। वहीं मौसम विभाग द्वारा राज्य के कई इलाकों में आंधी, बारिश और हीटवेव का अलर्ट जारी कर दिया गया है।

तापमान में हुई गिरावट
आपको बता दें कि आज सुबह यानी सोमवार को तकरीबन 6:45 बजे हनुमानगढ़ में बादल छाए रहे और हल्की बारिश भी हुई। वहीं तेज हवाओं के साथ बारिश होने से लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है। ऐसे में तापमान में गिरावट भी दर्ज की गई है। मौसम विभाग के मुताबिक, पश्चिमी विक्षोभ के एक्टिव होने से राजस्थान के 6 जिलों में आंधी और बारिश होने की आशंका जताई जा रही है। इसके साथ ही 3 जिलों में हीटवेव का ऑरेंज अलर्ट और 5 जिलों में येलो अलर्ट जारी कर दिया गया है।

कई जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग के मुताबिक, पश्चिमी विक्षोभ का असर बीकानेर, जयपुर और भरतपुर संभाग में देखने को मिल सकता है। यहां आंधी और बारिश होने की संभावना है। वहीं अगर पश्चिमी और दक्षिणी राजस्थान की बात करें, तो इन हिस्सों में गर्मी का असर देखने को मिलेगा। ऐसे में लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।