Rajasthan Weather: राजस्थान में हाल ही में हुई बारिश के बाद मौसम में काफी बदलाव देखने को मिल रहा है। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण पश्चिमी राजस्थान के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हुई, जिसके बाद तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। आपको बता दें कि जोधपुर और बीकानेर संभाग के साथ शेखावाटी क्षेत्र में भी ठंड का असर बढ़ने लगा है। ऐसे में सुबह और रात के समय लोगों को ठंड महसूस होने लगी है। वहीं, दिन में धूप निकलने की वजह से फिलहाल लोगों को गर्मी का एहसास हो रहा है।
मौसम विभाग का कहना है कि आज से राजस्थान में उत्तरी हवाओं का प्रभाव बढ़ेगा, जिस वजह से आगामी दिनों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट हो सकती है। वहीं, राजस्थान में फिलहाल बारिश की कोई संभावना नहीं है। मौसम विभाग ने आने वाले सप्ताह में राजस्थान के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क रहने की संभावना जताई है। ऐसे में नवंबर के तीसरे सप्ताह में सुबह और शाम के समय सर्दी का असर और भी ज्यादा बढ़ सकता है।
पिछले 48 घंटों में कैसा रहा मौसम?
पिछले 48 घंटों की बात करें तो पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से पश्चिमी राजस्थान के कुछ हिस्सों में बारिश हुई। हालांकि, अब बारिश की गतिविधियां थम चुकी हैं और आसमान साफ रहने की संभावना है। उत्तरी हवाओं के प्रभाव से आने वाले दिनों में तापमान में गिरावट देखने को मिल सकती है।
मौसम विभाग का कहना है कि 17 नवंबर को पूर्वी और पश्चिमी राजस्थान के किसी भी जिले के लिए कोई विशेष चेतावनी जारी नहीं की गई है। इसके साथ ही 18, 19, 20 और 21 नवंबर को भी बारिश की फिलहाल कोई संभावना नहीं है। आने वाले सप्ताह में मौसम शुष्क रह सकता है।ऐसे में पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से पिछले 48 घंटों में कई जगहों पर हुई बारिश के बाद मौसम में काफी बदलाव देखने को मिला है। नवंबर के दौरान तापमान में उतार-चढ़ाव बना रह सकता है।
नवंबर में दिन में गर्मी और रात में बढ़ेगी सर्दी
इस बार नवंबर के मध्य तक दिन का तापमान सामान्य से अधिक बना हुआ है। कई इलाकों में सामान्य से 2 से 6 डिग्री सेल्सियस तक अधिक तापमान दर्ज होने की वजह से दिन में गर्मी का असर महसूस हो रहा है। वहीं, अब आने वाले दिनों में तापमान में गिरावट होने की संभावना जताई जा रही है। ऐसे में धीरे-धीरे राजस्थान में ठंड का असर बढ़ सकता है।