राज्य के लोगों को गर्मी और लू से राहत मिली है। मौसम विभाग द्वारा आने वाले कुछ दिनों में बिजली गिरने, तेज आंधी और बारिश की आशंका को देखते हुए खास चेतावनी भी जारी की गई है। एक्सपर्ट्स के मुताबिक, वेस्टर्न डिस्टरबेंस एक्टिव होने से राज्य के मौसम पर असर हो रहा है। यही वजह है कि राजस्थान के कई जिलों में घने बादल छाए हुए हैं और तेज हवाओं के साथ बारिश की गतिविधियां भी बढ़ रही हैं।

लोगों को गर्मी और लू से काफी राहत मिली

जहां राजस्थान में महीने के आखिरी दिनों में अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका था, वहीं बारिश और हवा की वजह से तापमान में गिरावट देखने को मिली है। इससे लोगों को गर्मी और लू से काफी राहत मिली है। जयपुर में अधिकतम तापमान 36.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है, जो सामान्य से लगभग 5 डिग्री सेल्सियस कम है। वहीं  राजधानी में 4.4 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई, जिससे मौसम काफी सुहाना नजर आया। अचानक मौसम में बदलाव होने और बवंडर जैसी तेज हवाएं चलने से राजस्थान के कई इलाकों के मौसम में परिवर्तन देखने को मिला है। वहीं कई क्षेत्रों में लगातार बारिश का दौर जारी है। बादल गरजने की घटनाएं भी देखी जा रही हैं।

तेज आंधी और बारिश का अलर्ट जारी 

मौसम विभाग ने आज, 31 मई को, जयपुर समेत कई जिलों में बादल गरजने, तेज आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है। बताया जा रहा है कि 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। वहीं अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है। मौसम विभाग द्वारा लोगों से अपील की गई है कि मौसम खराब होने के दौरान खुले स्थानों पर न जाएं। इसके साथ ही बिजली गिरने से बचाव के लिए आवश्यक सावधानियां बरतने की सलाह भी दी गई है।