Rajasthan Weather: नवंबर के दूसरे हफ्ते की शुरुआत हो चुकी है, लेकिन इसके बावजूद सर्दी का असर अभी तेज देखने को नहीं मिल रहा है। दिन के समय तेज धूप निकलने की वजह से गर्मी का असर बना हुआ है। बता दें कि बीते दिन यानी शनिवार को बाड़मेर में सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान 37.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में राजस्थान में मौसम शुष्क रह सकता है। वहीं, अगले तीन से चार दिनों तक तापमान में कोई खास बदलाव देखने को नहीं मिलेगा। 10 नवंबर के आसपास एक नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित कर सकता है, लेकिन इसका असर राजस्थान में दिखाई देने की संभावना नहीं है।

मौसम विभाग ने दिया बड़ा अपडेट

फिलहाल प्रदेश में बारिश होने की कोई संभावना नहीं है। आने वाले दिनों में मौसम साफ रहने की उम्मीद है। ऐसे में राजस्थान के तापमान में धीरे-धीरे गिरावट देखने को मिल सकती है और सर्दी का असर भी बढ़ सकता है। मौसम विभाग के अनुसार, राजस्थान में आने वाले तीन से चार दिनों तक तापमान में कोई खास उतार-चढ़ाव देखने को नहीं मिलेगा। हालांकि, सुबह और रात के समय हल्की ठंड महसूस की जा रही है, जबकि दिन के समय धूप निकलने से गर्मी का असर बरकरार है। नवंबर के दूसरे हफ्ते में भी मौसम के मिला-जुला रहने की संभावना जताई जा रही है।

किसी बड़े मौसमी बदलाव की संभावना नहीं

आपकी जानकारी के लिए बता दें कि वर्तमान में राजस्थान में कोई सक्रिय मौसम प्रणाली प्रभावी नहीं है। ऐसे में फिलहाल बारिश, आंधी या गरज-चमक को लेकर कोई विशेष चेतावनी जारी नहीं की गई है। कुल मिलाकर बात करें तो राजस्थान में फिलहाल बारिश या किसी बड़े मौसमी बदलाव की संभावना नहीं है। वहीं, राजस्थान के लोगों को कड़ाके की सर्दी का इंतजार अभी कुछ दिन और करना पड़ सकता है।