Rajasthan Weather: राजस्थान में नवंबर की शुरुआत के साथ ही ठंड का अहसास बढ़ने लगा है। वहीं, दिन के समय तेज धूप के चलते अभी भी गर्मी का असर बना हुआ है। अक्टूबर के आखिरी सप्ताह में बारिश और आंधी के चलते मौसम में बदलाव आया था, लेकिन अब प्रदेश में मौसम साफ हो गया है। मौसम विभाग के अनुसार, आज राजस्थान के किसी भी हिस्से में बारिश होने की संभावना नहीं है। आने वाले सप्ताह में भी मौसम मुख्य रूप से साफ रह सकता है। ऐसे में लोगों को बारिश की बजाय दिन में तेज धूप और सुबह-शाम हल्की ठंड का सामना करना पड़ेगा।
सुबह-शाम ठंड और दोपहर में तेज धूप
तापमान की बात करें तो नागौर में न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस, सीकर में 14.5 डिग्री सेल्सियस, चित्तौड़गढ़ में 15.4 डिग्री सेल्सियस और उदयपुर में 16 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। जयपुर में न्यूनतम तापमान 19.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।वहीं, पश्चिमी राजस्थान की बात करें तो यहां अभी भी रात के समय गर्मी का असर महसूस हो रहा है। जैसलमेर का न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस, बीकानेर का 20.1 डिग्री सेल्सियस और बाड़मेर का न्यूनतम तापमान 20.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है। मौसम साफ रहने का अनुमान है।
यह भी पढ़ें- Rajasthan News: झुंझुनूं में हाईटेंशन लाइन से बड़ा हादसा, 8 मजदूरों की मौत, 5 झुलसे
अजमेर, भरतपुर और कोटा में बारिश की कोई संभावना नहीं है। बता दें कि नवंबर की शुरुआत के बाद राजस्थान के कुछ हिस्सों में दिन का तापमान बढ़ा हुआ है। वहीं, बाड़मेर में भी तापमान अपेक्षाकृत अधिक बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है। ऐसे में फिलहाल दिन और रात के मौसम में अंतर देखने को मिलेगा। दोपहर में तेज धूप के चलते गर्मी का अहसास हो सकता है, जबकि सुबह और शाम के समय हल्की ठंड महसूस होगी।