Rajasthan Weather: राज्य में बीते दिन मौसम का मिजाज बदला हुआ दिखाई दिया। वेस्टर्न डिस्टरबेंस के एक्टिव होने की वजह से राजस्थान की कई जगहों पर तेज आंधी और तूफानी बारिश रिकॉर्ड की गई। बता दें कि बीते दिन सुबह पाकिस्तान की सीमा की तरफ से धूल भरी आंधी आई थी। इस दौरान श्रीगंगानगर, बीकानेर और हनुमानगढ़ में दिन में अंधेरा छाया रहा। इसके बाद बीकानेर, जयपुर, चूरू समेत कई जिलों में गरज-चमक के साथ ओले भी गिरे।
वहीं, मौसम में आए अचानक बदलाव का सबसे ज्यादा असर सीकर, नागौर, जयपुर, दौसा और अलवर में देखने को मिला। आपकी जानकारी के लिए बता दें कि राजस्थान में सबसे ज्यादा बारिश सीकर के लोसल में दर्ज की गई, जहां 40 एमएम बारिश हुई। इसके साथ ही तेज आंधी और बारिश की वजह से दिन और रात के तापमान में काफी ज्यादा अंतर देखने को मिला है। ऐसे में लोगों को झुलसाने वाली गर्मी से राहत मिली है और मौसम काफी सुहाना हो गया है।
सीकर-नागौर समेत कई जिलों में बारिश
बारिश और ठंडी हवाओं के असर से पश्चिमी राजस्थान की कई जगहों पर भी तापमान में गिरावट हुई है। आपको बता दें कि जैसलमेर में अधिकतम तापमान 36.3 डिग्री सेल्सियस और बाड़मेर में 34.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं, आज वेस्टर्न डिस्टरबेंस का असर धीरे-धीरे कम हो सकता है।
यह भी पढ़ें- Udaipur Electricity Cut: 29 सितंबर को इन 25+ इलाकों में बिजली रहेगी बंद, जानें समय
मौसम विभाग का कहना है कि पूर्वी राजस्थान की कुछ जगहों पर हल्की बारिश हो सकती है। राजस्थान के बाकी इलाकों में आने वाले एक हफ्ते तक मौसम शुष्क ही रहने की संभावना है। इसके साथ ही एक्सपर्ट ने बताया कि पश्चिमी जिलों में एंटी-साइक्लोन बनने की आशंका के कारण धूप तेज होगी और तापमान में बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है। ऐसे में एक बार फिर से तेज गर्मी वापस आ सकती है।