Rajasthan Weather: राजस्थान में मानसून एक बार फिर से एक्टिव हो गया है। मौसम विभाग द्वारा राजस्थान के 29 जिलों में तेज बारिश का पीला अलर्ट जारी किया गया है। वहीं आज जयपुर, भरतपुर, कोटा और उदयपुर संभाग के कई जगहों में हल्की-मध्यम बारिश देखी गई, जिसमें सबसे ज्यादा बारिश उदयपुर संभाग में रिकॉर्ड की गई है।
आपको बता दें कि जोधपुर शहर और उसके आसपास में काफी समय के बाद हल्की बारिश देखी गई। मौसम विभाग का कहना है कि 16 सितंबर तक राजस्थान के दक्षिण-पूर्वी हिस्सों में बारिश की गतिविधियां देखने को मिलेंगी। वहीं लो प्रेशर सिस्टम वर्तमान में दक्षिण छत्तीसगढ़ और आसपास के क्षेत्र में एक्टिव है, जो पहले उत्तर-पश्चिम दिशा की तरफ बढ़ रहा है। वहीं मानसून ट्रफ लाइन इस समय जैसलमेर, कोटा, राजगढ़ से होकर बंगाल की खाड़ी तक गुजर रही है, जिस कारण आगामी दिनों में बारिश की गतिविधियां जारी रहेंगी।
पश्चिमी राजस्थान की बात करें तो यहां के ज्यादातर जिलों में अभी गर्मी और उमस का सामना करना पड़ रहा है। यहां काफी कम बारिश देखने को मिली है। ऐसे में जैसलमेर, बाड़मेर जैसे सीमावर्ती जिलों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के ऊपर पहुंच चुका है। वहीं आज बाड़मेर में अधिकतम तापमान 40.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है।
मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में पश्चिमी राजस्थान से मानसून की विदाई का सिलसिला शुरू हो सकता है। जहां एक तरफ बारिश की गतिविधियां रिकॉर्ड की जा रही हैं, वहीं दूसरी तरफ कई जगहों पर सूखा पड़ा हुआ है। ऐसे में लोगों को गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं फिलहाल आने वाले दिनों में भी इन जगहों पर बारिश होने की कोई उम्मीद नजर नहीं आ रही है।