Rajasthan Weather: राजस्थान में मानसून का असर अभी भी देखने को मिल रहा है। राजस्थान के कई हिस्सों में आज भी बारिश का असर देखने को मिल रहा है। इसके बाद मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। बताया जा रहा है कि भरतपुर, धौलपुर, करौली, सवाई माधोपुर, दौसा, टोंक और झालावाड़ में आज बारिश की चेतावनी जारी की गई है।  आपको बता दें कि बारिश की संभावना को देखते हुए आज कई सरकारी और प्राइवेट स्कूलों में छुट्टी घोषित की गई है। मौसम विभाग के मुताबिक, आने वाले दो दिनों तक पूर्वी और उत्तरी राजस्थान में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।

जानें कब कमजोर होगा मानसून

आपकी जानकारी के लिए बता दें कि 8 से 9 सितंबर के बाद मानसून की गतिविधियां कमजोर हो सकती हैं। वहीं, राजस्थान के ज्यादातर जिलों में आने वाले सप्ताह में मौसम साफ रह सकता है। ऐसे में एक बार फिर बढ़ता तापमान लोगों को परेशान कर सकता है। बीते दिन यानी रविवार की बात करें तो राजस्थान के कई इलाकों में बारिश देखने को मिली। धौलपुर के राजाखेड़ा में 58 मिलीमीटर यानी 2 इंच से ज्यादा बारिश रिकॉर्ड की गई। वहीं, सवाई माधोपुर के बौंली में 50 मिलीमीटर, भरतपुर के वैर में 45 मिलीमीटर और कोटा के चेचट में 18 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई।

यह भी पढ़ें- RUHS: राजस्थान के 600 मेडिकल-डेंटल समेत कॉलेजों की होगी परीक्षा, A से D ग्रेड में तय होगी गुणवत्ता

कई जिलों में बारिश और बूंदाबांदी के आसार

वहीं, अगर राज्य की राजधानी जयपुर की बात करें तो यहां बारिश का दौर कमजोर पड़ रहा है। शहर और आसपास के इलाकों में दिनभर बादल छाए रहे। वहीं, कुछ जगहों पर धूप निकली तो कुछ जगहों पर हल्की बूंदाबांदी हुई। मौसम विभाग के मुताबिक, मानसून ट्रफ श्रीगंगानगर, रोहतक, सतना और डाल्टनगंज होते हुए बंगाल की खाड़ी तक बनी हुई है। वहीं, दक्षिण-पश्चिमी उत्तर प्रदेश और आसपास के क्षेत्र में लो-प्रेशर सिस्टम एक्टिव है। इसके असर के कारण आने वाले दो दिनों में पूर्वी राजस्थान की कुछ जगहों पर हल्की बारिश हो सकती है।