Rajasthan Weather: राजस्थान के कई इलाकों में मानसून अभी भी एक्टिव है। वहीं, मौसम विभाग द्वारा आज 12 जगहों पर बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। राजस्थान के अलग-अलग हिस्सों में बादल छाने के बाद बारिश होने की आशंका बताई गई है। इसके बाद आने वाले दिनों में मानसून की गतिविधियों में कमी आ सकती है। ऐसे में मौसम विभाग का कहना है कि कोटा, उदयपुर और भरतपुर संभाग में कुछ जगह हल्की बारिश होने की आशंका है।
28 अगस्त को हल्की से मध्यम बारिश होने की आशंका
मौसम विभाग के मुताबिक, 27 अगस्त से 2 सितंबर के दौरान पूर्वी राजस्थान के कई जिलों में बारिश की गतिविधियों में दोबारा कमी आ सकती है। वहीं, कोटा, उदयपुर और भरतपुर संभाग में 28 अगस्त को हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। राजस्थान के कोटा, भरतपुर और जयपुर संभाग के कुछ भागों में आज भारी बारिश होने की संभावना बताई जा रही है। वहीं, उदयपुर, अजमेर संभाग और शेखावाटी क्षेत्र में भी बारिश हो सकती है।
12 जगहों पर बारिश के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना
राजस्थान की बात करें तो जोधपुर और बीकानेर संभाग के ज्यादातर इलाकों में आने वाले एक हफ्ते तक मानसून कमजोर रह सकता है। वहीं, आपको बता दें कि आने वाले 3 घंटे में सवाई माधोपुर, कोटा सहित 12 जगहों पर बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। इस दौरान कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश होने की आशंका जताई जा रही है।