Government Jobs Update: राजस्थान सफाई कर्मचारी भर्ती 2026 को लेकर उम्मीदवारों के लिए जरूरी अपडेट सामने आया है। संविदा सफाई कर्मचारी पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तारीख बढ़ाकर 13 अक्टूबर 2026 कर दी गई है। ऐसे में इच्छुक और पात्र उम्मीदवार अब तय तारीख तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इस भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया 15 अगस्त 2026 से शुरू हुई थी।
नई सूचना के बाद उम्मीदवारों को आवेदन करने के लिए अतिरिक्त समय मिल गया है। भर्ती से संबंधित अन्य सभी नियम और शर्तें पहले की तरह ही लागू रहेंगी। अभ्यर्थियों को आवेदन करने से पहले भर्ती विज्ञापन में दी गई पात्रता और जरूरी दस्तावेजों की जानकारी ध्यान से देख लेने की सलाह दी जाती है।
शैक्षणिक योग्यता जरूरी नहीं
राजस्थान सफाई कर्मचारी भर्ती की खास बात यह है कि इसमें आवेदन करने के लिए किसी भी प्रकार की शैक्षणिक योग्यता अनिवार्य नहीं है। यानी ऐसे उम्मीदवार भी आवेदन कर सकते हैं, जिन्होंने कभी स्कूल में पढ़ाई नहीं की है। हालांकि, शैक्षणिक योग्यता नहीं होने के बावजूद उम्मीदवारों को भर्ती की अन्य पात्रता शर्तें पूरी करनी होंगी।
उम्मीदवार का राजस्थान का मूल निवासी होना जरूरी है। इसके अलावा उम्मीदवार शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ होना चाहिए। सबसे महत्वपूर्ण शर्तों में सफाई कार्य का अनुभव शामिल है।
एक साल का सफाई कार्य अनुभव जरूरी
इस भर्ती के लिए उम्मीदवार के पास सफाई कार्य का कम से कम एक वर्ष का अनुभव होना अनिवार्य है। यह अनुभव लगातार या अलग-अलग अवधि में प्राप्त किया गया हो सकता है। अगर अनुभव अलग-अलग अवधि का है, तो सभी अवधियों को मिलाकर कुल अनुभव एक वर्ष होना चाहिए।
अनुभव के प्रमाण के तौर पर संबंधित नगरीय निकाय या अधिकृत अधिकारी की ओर से जारी अनुभव प्रमाण पत्र जरूरी होगा। बिना निर्धारित अनुभव प्रमाण पत्र के पात्रता साबित करने में परेशानी हो सकती है।
केवल एक नगर निकाय में आवेदन
भर्ती के तहत उम्मीदवार राजस्थान की 183 नगर निकायों में से केवल एक नगर निकाय के लिए आवेदन कर सकता है। इसलिए आवेदन करते समय नगर निकाय का चयन सावधानी से करना जरूरी है।
उम्मीदवारों को सलाह है कि वे 13 अक्टूबर 2026 की अंतिम तारीख का इंतजार किए बिना अपना आवेदन पूरा कर लें और सभी जरूरी दस्तावेजों की जांच कर लें।