Rajasthan Roadways: राजस्थान रोडवेज में यात्रियों की संख्या में लगातार कमी और राजस्व नुकसान को रोकने के लिए 3 दिन का विशेष चेकिंग अभियान शुरू किया गया है। प्रदेशभर में 8 से 10 सितंबर तक यह अभियान चलेगा। इसके तहत रोडवेज डिपो की ओर से चिन्हित स्थानों पर चेक पोस्ट लगाकर बसों और ट्रैफिक व्यवस्था की जांच की जा रही है। रोडवेज की टीमों ने आज जयपुर के आमेर रोड पर चेकिंग शुरू कर दी है।

चेक पोस्ट लगाकर बसों और ट्रैफिक व्यवस्था की होगी निगरानी

रोडवेज मुख्यालय की ओर से सभी मुख्य प्रबंधकों को अपने-अपने डिपो के चिन्हित स्थानों पर चेक पोस्ट लगाने के निर्देश दिए गए हैं। इन चेक पोस्ट पर डिपो मैनेजर, ट्रैफिक इंस्पेक्टर और असिस्टेंट ट्रैफिक इंस्पेक्टर की ड्यूटी लगाई गई है। अधिकारियों को मौके पर मौजूद रहकर बसों की जांच और यातायात व्यवस्था को प्रभावी बनाने के निर्देश दिए गए हैं।

यह भी पढ़ें- Rajasthan Weather: 12 सितंबर से फिर बदलेगा मौसम का मिजाज, कई जिलों में बारिश का अलर्ट

रोडवेज मुख्यालय की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि निगम के यात्रीभार में काफी गिरावट देखने को मिल रही है। ऐसे में यात्रियों की संख्या बढ़ाने के साथ-साथ राजस्व नुकसान को रोकना अभियान का प्रमुख उद्देश्य है। अभियान के दौरान अलग-अलग डिपो के चिन्हित स्थानों पर चेक पोस्ट लगाए जाएंगे। यहां रोडवेज बसों के संचालन और ट्रैफिक व्यवस्था की निगरानी की जाएगी। जयपुर में आमेर रोड समेत अन्य प्रमुख मार्गों पर भी टीमों की ओर से जांच की जा रही है।

रोडवेज के कार्यकारी निदेशक (यातायात) विनोद पुरोहित ने सभी मुख्य प्रबंधकों को अभियान के दौरान जरूरी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। वहीं जयपुर के कार्यकारी प्रबंधक (चेकिंग) को अभियान की मॉनिटरिंग की जिम्मेदारी दी गई है।