RAS Notification 2027: आरएएस भर्ती अब हर साल कराने की तैयारी है। आरएएस 2026 की प्री परीक्षा 6 दिसंबर को होने के बाद आरएएस 2027 का विज्ञापन जून 2027 से पहले जारी होगा। अगली भर्ती में 500 से अधिक पद रह सकते हैं। आरएएस भर्ती को नियमित करने की बात पहले भी होती रही है, लेकिन यह व्यवस्था लगातार लागू नहीं हो सकी। वर्ष 2024 की भर्ती के बाद वर्ष 2025 में नई भर्ती का विज्ञापन नहीं आया। अगली भर्ती 2026 में निकाली गई।

अभी 5 चरण में होती है विज्ञापन प्रक्रिया; इसे कम चरणों में पूरा करने की तैयारी

राजस्थान में आरएएस भर्ती का विज्ञापन जारी होने से पहले विभागों से लेकर राजस्थान लोक सेवा आयोग तक पांच स्तरों पर प्रक्रिया पूरी होती है। इस प्रक्रिया को और कम करने की तैयारी है। ऐसे में कम समय लगेगा। गौरतलब है कि हर साल आरएएस भर्ती में 5 लाख उम्मीदवार परीक्षा देते हैं।

अगली आरएएस भर्ती 2027 में 500 से अधिक पद शामिल होने की संभावना है। हालांकि, पदों की वास्तविक संख्या विभागों से मिलने वाली रिक्तियों और अंतिम स्वीकृति के बाद ही स्पष्ट होगी। फिलहाल प्रस्तावित योजना के अनुसार आरएएस 2026 की प्री परीक्षा 6 दिसंबर को होने के बाद आरएएस 2027 का विज्ञापन जून 2027 से पहले जारी करने की तैयारी है।

भर्ती प्रक्रिया को नियमित करने और विज्ञापन जारी करने के चरण कम करने की योजना पर अमल होता है तो राजस्थान में आरएएस भर्ती का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों के लिए यह महत्वपूर्ण बदलाव हो सकता है।