Scrap Warehouse Fire: जयपुर रोड पर सिल्वर ओक स्कूल के सामने स्थित न्यू रामदास ट्रेडिंग कंपनी के कबाड़ गोदाम में गुरुवार रात आग लग गई। वहीं, गोदाम में बड़ी मात्रा में प्लास्टिक और अन्य कबाड़ का सामान जमा होने के कारण आग ने तेजी से विकराल रूप ले लिया। आग बुझाने पहुंची दमकल टीमों को करीब तीन घंटे तक मशक्कत करनी पड़ी। छह दमकल वाहनों और 70 से ज्यादा पानी के टैंकरों की मदद से आग पर काबू पाया जा सका। गोदाम का संचालन नवल किशोर करते हैं।
एक हिस्से में बुझती आग तो दूसरे में उठने लगतीं लपटें
गोदाम में प्लास्टिक कबाड़ का ढेर होने से आग बुझाना दमकलकर्मियों के लिए चुनौती बन गया। दमकलकर्मी एक हिस्से में पानी डालकर आग नियंत्रित करते तो दूसरे हिस्से में लपटें उठने लगतीं। प्लास्टिक के सामान में आग बार-बार भड़कने से लगातार पानी का छिड़काव करना पड़ा। इस दौरान दमकलकर्मियों को कई घंटे तक अभियान चलाना पड़ा।
गोदाम के चारों तरफ बनी बाउंड्रीवॉल के कारण आग और जलता हुआ कबाड़ आसपास के क्षेत्र में नहीं फैल सका। अधिकारियों के अनुसार, बाउंड्रीवॉल नहीं होती तो आग आसपास के इलाके तक पहुंच सकती थी। इससे बड़ा नुकसान होने की आशंका थी।
गोदाम में नहीं थे आग बुझाने के इंतजाम
घटना के बाद गोदाम में अग्निशमन उपकरण और सुरक्षा इंतजाम नहीं होने का मामला भी सामने आया। आग लगने के बाद इसे बुझाने के लिए पूरी तरह दमकल विभाग पर निर्भर रहना पड़ा। मौके पर अरावली विहार थाना एसएचओ गुरुदत्त सैनी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। फिलहाल आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हुआ है। आशंका जताई जा रही है कि पटाखा या किसी अन्य ज्वलनशील पदार्थ के गिरने से आग लगी हो सकती है।






