Rajasthan Weather Update: राजस्थान के मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। वहीं, राजस्थान के कई जिलों में आंधी, बारिश और ओलावृष्टि का दौर शुरू हो चुका है। आपको बता दें कि 13 जून को राजस्थान के 23 जिलों में तेज आंधी और बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। इसके साथ ही बताया जा रहा है कि आगामी दिनों में पूर्वी और उत्तर राजस्थान में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है। ऐसे में लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिल सकती है।
लोगों को भीषण गर्मी और उमस से राहत मिली
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि इसका सबसे ज्यादा असर सीकर में देखने को मिला है। वहीं, शुक्रवार को हुई बारिश के कारण कई इलाकों में पानी भर गया। इसके साथ ही राजधानी जयपुर की बात करें तो यहां देर रात तक मौसम बदला रहा और तेज हवाएं भी चलीं। ऐसे में लोगों को भीषण गर्मी और उमस से राहत मिली है। वहीं, मौसम विभाग का कहना है कि जयपुर में आने वाले दिनों में तेज बारिश और आंधी का दौर जारी रह सकता है। इसका असर राज्य के बाकी हिस्सों में भी देखने को मिल सकता है। बता दें कि अलवर में शाम को धूलभरी आंधी के साथ बारिश देखने को मिली। सवाई माधोपुर, बूंदी और टोंक में भी हल्की बारिश हुई। वहीं, उदयपुर और अजमेर में तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की गई है।
जैसलमेर प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा
अगर पश्चिमी राजस्थान की बात करें तो वहां अभी भी गर्मी का प्रकोप जारी है। बीते दिन यानी शुक्रवार को जैसलमेर प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 44.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में बंगाल की खाड़ी और अरब सागर से नमी मिलने की वजह से कई हिस्सों में आंधी और बारिश का दौर जारी रह सकता है। ऐसे में तापमान में गिरावट होने की संभावना जताई जा रही है। फिलहाल, उम्मीद की जा रही है कि आने वाले दिनों में लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिल सकती है।