Rajasthan Weather: राजस्थान में प्री-मानसून की एंट्री हो चुकी है। ऐसे में लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है। वहीं कई जगहों पर बादल छाए रहने से तापमान में भारी गिरावट देखने को मिली है। राजस्थान के 23 जिलों के लिए आंधी और बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। इससे लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी।
आने वाले कुछ घंटों में तेज बारिश होने की आशंका
मौसम विभाग ने राजस्थान में चेतावनी जारी की है। बताया जा रहा है कि आने वाले कुछ घंटों में तेज बारिश हो सकती है। वहीं 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशंका भी जताई गई है। साथ ही राजस्थान के कुछ हिस्सों में धूल भरी आंधी और गरज-चमक की संभावना भी है।
इन इलाकों में बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी
यदि पश्चिमी राजस्थान की बात करें तो जैसलमेर, फलोदी और बाड़मेर में बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। पिछले दिन राजस्थान के कई हिस्सों में बारिश देखने को मिली। वहीं झुंझुनूं के पिलानी क्षेत्र में सबसे अधिक 66 मिमी बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा फतेहपुर में 54 मिमी और अन्य क्षेत्रों में 45 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। बारिश के बाद तापमान 25.9 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। मौसम विभाग के अनुसार जयपुर, अजमेर और भरतपुर संभागों में आने वाले तीन दिनों तक मौसम इसी तरह बना रह सकता है। वहीं आने वाले दिनों में प्री-मानसून गतिविधियां और बढ़ने की संभावना है।