Rajasthan Nursing Officer: राजस्थान में नर्सिंग अधिकारी भर्ती को लेकर राजस्थान हाईकोर्ट ने अभ्यर्थियों के हित में महत्वपूर्ण फैसला सुनाया है। आपको बता दें कि हाईकोर्ट की खंडपीठ ने स्पष्ट किया है कि नर्सिंग भर्ती में आवेदन की अंतिम तिथि तक राजस्थान नर्सिंग काउंसिल में पंजीकरण होना अनिवार्य नहीं है। वहीं, दूसरे राज्यों की नर्सिंग काउंसिल में वैध पंजीकरण रखने वाले अभ्यर्थियों को भी भर्ती प्रक्रिया में शामिल होने का अधिकार है। मुख्य न्यायाधीश संजय के अग्रवाल और न्यायाधीश बलजिंदर सिंह संधू की खंडपीठ ने राज्य सरकार की विशेष अपील खारिज करते हुए एकलपीठ के आदेश को बरकरार रखा है।

6,981 पदों पर हुई थी भर्ती

आपकी जानकारी के लिए बता दें कि यह मामला नर्सिंग अधिकारी भर्ती-2023 से जुड़ा है। राजस्थान में 6,981 पदों पर भर्ती के लिए 5 मई 2023 को विज्ञप्ति जारी की गई थी। ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 11 जून 2023 निर्धारित थी। अदालत ने कहा कि भर्ती नियमों की व्याख्या इस तरह होनी चाहिए, जिससे योग्य अभ्यर्थियों को अनावश्यक रूप से बाहर नहीं किया जाए। राजस्थान नर्सिंग काउंसिल का पंजीकरण नियुक्ति से पहले प्राप्त किया जा सकता है।

अभ्यर्थी को चयन से कर दिया था बाहर

बता दें कि यह मामला श्रीगंगानगर के रायसिंहनगर निवासी सीमरजीत कौर की याचिका से जुड़ा है। उन्होंने मान्यता प्राप्त संस्थान से तीन वर्षीय नर्सिंग डिप्लोमा किया था और पंजाब नर्सेज रजिस्ट्रेशन काउंसिल में पंजीकृत थीं। दस्तावेज सत्यापन के दौरान राजस्थान काउंसिल का प्रमाण पत्र मांगे जाने पर उन्होंने इसके लिए आवेदन किया और 13 जनवरी 2024 को पंजीकरण प्राप्त कर लिया। इसके बावजूद उन्हें चयन प्रक्रिया से बाहर कर दिया गया। इसके बाद एकलपीठ ने उन्हें अन्य पिछड़ा वर्ग श्रेणी में सभी परिणामी लाभों के साथ नियुक्ति देने का आदेश दिया था। राज्य सरकार ने इस फैसले को चुनौती दी, लेकिन खंडपीठ ने अपील खारिज कर दी। अदालत के फैसले से दूसरे राज्यों में पंजीकृत नर्सिंग अभ्यर्थियों को बड़ी राहत मिली है।