Rajasthan Weather: राजस्थान में मानसून एक बार फिर से मेहरबान हो गया है। आपको बता दें कि मौसम विभाग द्वारा 4 से 7 सितंबर के दौरान कई जगहों पर बारिश की संभावना जताई गई है। ऐसे में जयपुर, भरतपुर, कोटा और अजमेर में भारी बारिश का अलर्ट भी जारी किया गया है। आपको बता दें कि नए मौसम तंत्र के सक्रिय होने से आज कोटा और आसपास के जिलों में भारी से अति भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है। राजधानी जयपुर और आसपास के इलाकों में सुबह से ही घने बादल छाए हुए हैं। वहीं, कुछ जगहों पर रुक-रुककर हल्की बारिश देखने को मिल रही है।

ऐसे में अगर बीते दिन यानी गुरुवार की बात करें तो राजस्थान के पूर्वी हिस्से में बारिश की गतिविधियां देखने को मिलीं। वहीं, सवाई माधोपुर, धौलपुर और करौली में 50 मिमी से ज्यादा बारिश रिकॉर्ड की गई। बादलों की आवाजाही और लगातार बारिश के कारण राजस्थान के कई जिलों के तापमान में 6 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट देखने को मिली है।

आपको बता दें कि कोटा में सबसे कम अधिकतम तापमान रिकॉर्ड किया गया। यहां अधिकतम तापमान 27.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, राजस्थान में सबसे अधिक तापमान श्रीगंगानगर में रिकॉर्ड किया गया, जहां तापमान 39.9 डिग्री सेल्सियस रहा। इसके अलावा अलवर, भीलवाड़ा और करौली में भी तापमान में गिरावट देखने को मिली।

मौसम विभाग का कहना है कि बारिश की गतिविधियां 6 सितंबर तक देखने को मिल सकती हैं। वहीं, पश्चिमी राजस्थान में 5 सितंबर को कुछ जगहों पर मेघगर्जन और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। हालांकि, इन इलाकों में भारी बारिश का अलर्ट जारी नहीं किया गया है। बारिश की गतिविधियों के चलते राजस्थान के तापमान में भी गिरावट देखने को मिलेगी। ऐसे में सितंबर के महीने में लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिलने की संभावना है। मौसम विभाग का कहना है कि राज्य में मानसून अभी पूरी तरह से अलविदा कहने की स्थिति में नहीं है।