Rajasthan Weather: राजस्थान में मानसून अभी भी एक्टिव है। मौसम विभाग के अनुसार राजस्थान के कई जिलों में मौसम सक्रिय बना हुआ है। विभाग द्वारा बताया गया है कि 10 जुलाई को और उसके आसपास के इलाकों में कुछ घंटों के दौरान बारिश होने की आशंका जताई गई है। आपको बता दें कि ब्यावर, अजमेर, राजसमंद, भीलवाड़ा, जयपुर, सवाई माधोपुर और भरतपुर में मौसम विभाग द्वारा अलर्ट जारी किया गया है। बताया जा रहा है कि इन इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इसके साथ ही मध्य भाग के कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने की भी आशंका जताई गई है।
कई जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी
ऐसे में कहा जा रहा है कि तेज बारिश की वजह से निचले इलाकों में जलभराव हो सकता है, जिस कारण यातायात आंशिक रूप से प्रभावित हो सकता है। वहीं, बीते दिन की बात करें तो भरतपुर, झुंझुनूं, करौली, अलवर, गंगानगर और सीकर समेत कई इलाकों में तेज बारिश देखने को मिली। सबसे ज्यादा बारिश हिंडौन के पास हुई, जहां 66 एमएम बारिश दर्ज की गई।
लोगों को सावधानी बरतने की सलाह
मौसम विभाग का कहना है कि राजस्थान के पूर्वी हिस्से पर एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन बनने की वजह से आने वाले कुछ दिनों तक उत्तर-पूर्वी जिलों में अच्छी बारिश होने की आशंका है। इसके साथ ही कोटा और भरतपुर संभाग में आने वाले दो दिनों तक भारी से अति भारी बारिश होने की आशंका जताई गई है। ऐसे में विभाग द्वारा लोगों को सलाह दी गई है कि वे बारिश के दौरान तेज हवा, बड़े पेड़ों और होर्डिंग के नीचे खड़े न रहें। सुरक्षित स्थान पर ही शरण लें।