Rajasthan Accident:राजस्थान के हनुमानगढ़ जिले में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। मेगा हाईवे पर प्राइवेट बस और ट्रॉले की आपस में जोरदार टक्कर हो गई। जिसमें पांच लोगों ने अपनी जान गवां दी। वहीं एक दर्जन से ज्यादा लोग घायल हैं। 6-7 लोगों हालत गंभीर बनी हुई है। यह हादसा सुबह 7:00 बजे हनुमानगढ़ में रावतसर थाना क्षेत्र के सरदारशहर रोड स्थित बरमसर का है।
पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया
एसडीएम संजय अग्रवाल ने बताया कि बस श्रीगंगानगर से जयपुर जा रही थी। मेगा हाईवे पर सरसों से भरी ट्रॉली साइड में खड़ी हुई थी। बस ड्राइवर इन्हें ओवरटेक कर रहा था, तभी सामने से आ रहे ट्रॉले से जोरदार टक्कर हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को एम्बुलेंस की मदद से रावतसर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर घायलों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहीं हादसे के अफरा-तफरी का माहौल हो गया था। ऐसे में स्थानीय लोगों ने राहत एवं बचाव कार्य और घायलों को बस से बाहर निकलने में मदद की।
3-4 लोगों की स्थिति काफी गंभीर
एसडीएम और पुलिस अधिकारी भी अस्पताल पहुंचे और घायलों के इलाज के बारे में पता किया। वहीं एसडीएम ने बताया कि रावतसर हॉस्पिटल में पहुंचने से पहले ही पांच लोगों ने दम तोड़ दिया था। 3-4 लोगों की स्थिति काफी गंभीर होने पर हनुमानगढ़ रेफर किया गया। घायलों का इलाज रावतसर हॉस्पिटल में चल रहा है।








